
नई दिल्ली। भारत में बीते 24 घंटों में कोरोनावायरस के 48 हजार 268 नए मामले सामने आए। 551 लोगों की मौत हुई और 59 हजार 454 लोग ठीक भी हुए हैं। इसी के साथ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 81 लाख 37 हजार 119 हो गई है। इनमें से एक लाख 21 हजार 641 लोगों की मौत हो गई हैं। वहीं, 74 लाख 32 हजार 829 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी 5 लाख 82 हजार 649 लोगों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि रिकवरी दर 91.34 प्रतिशत है और मृत्यु दर 1.49 प्रतिशत है। वहीं इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने शुक्रवार को एक ही दिन में 10,67,976 सैंपल परीक्षण किए। अब तक कुल 10,87,96,094 नमूनों की जांच हो चुकी है।
महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य, दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले
देश में कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र बना हुआ है। यहां अब तक 16,72,858 मामले और 43,837 मौतें हो चुकी है। इसके बाद आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और दिल्ली हैं। राष्ट्रीय राजधानी में भी पिछले तीन दिनों से प्रतिदिन लगभग 5,000 मामलों के साथ संक्रमण की संख्या में वृद्धि देखने को मिली है। दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना के 5,891 नए मामले दर्ज किए गए, जो अब तक का सबसे अधिक एक दिवसीय वृद्धि है, जिसमें कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3.81 लाख के पार पहुंच गई, जबकि 47 नई मौतों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 6,470 लोगों की मौत हो चुकी है। बता दें कि दिल्ली इस वक्त संक्रमण की तीसरी लहर से जूझ रही है।
Leave Comments