
वाशिंगटन। अमेरिका में कोरोनावायरस महामारी का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोरोना संक्रमण से बीते 24 घंटे में 3000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। पहली बार अमेरिका में 24 घंटे के अंदर इतने लोगों की मौत कोविड महामारी से हुई है। ये जानकारी जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय ने दी है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट में कहा गया है कि बुधवार को अमेरिका में कुल 3,071 मौतें हुईं, जिससे देश में कुल मौतों की संख्या बढ़कर 2 लाख 89 हजार 283 हो गई।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी ने जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) द्वारा जारी आंकड़ों के हवाले से ये जानकारी दी। मंगलवार को, यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) की एक पैनल बैठक ने निर्णय लिया कि स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और दीर्घकालिक देखभाल सुविधाओं के लोगों को देश भर में कोविड-19 के टीके सबसे पहले लगाए जाएंगे। सीडीसी के अनुसार, अमेरिका में 240,000 से अधिक स्वास्थ्य देखभाल कर्मचारी वायरस से संक्रमित हैं जिनमें से 858 की अब तक मौत हो चुकी है।
Leave Comments