• Last Update 06:53 am

कोरोना वायरस के प्रभाव से बाहर निकलते उद्योग जगत की 2021 में नियुक्तियां बढ़ाने की तैयारी
Business

कोरोना वायरस के प्रभाव से बाहर निकलते उद्योग जगत की 2021 में नियुक्तियां बढ़ाने की तैयारी

नयी दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी के दौरान घर से काम करने की नई व्यवस्था को अपनाने के बाद कंपनियां अब 2021 में नई नियुक्तियां करने और कर्मचारियों को बेहतर मेहनताना देने को लेकर आगे बढ़ रहीं हैं। कोरोना वायरस महामारी का भारतीय रोजगार परिदृष्य पर काफी बुरा असर पड़ा है। कंपनियों के लिये उनके कर्मचारियों द्वारा घर से काम करना और दूर रहकर भी दफ्तर का काम करने की नई व्यवस्था सामान्य बन गई। पेशेवरों के लिये आनलाइन कामकाज और डिजिटल कौशल कंपनियों की सोच के केन्द्र में आ गया है।

व्यवस्था चलाने में आनलाइन कार्य की महत्वपूर्ण भूमिका बन गई है। वर्ष 2020 में ज्यादातर कंपनियों को अपनी नियुक्ति की योजना को नये सिरे से तैयार करना पड़ा। कोरोना वायरस के कारण आर्थिक परिवेश अनिश्चित बन गया। यात्रा, पर्यटन, होटल, खुदरा कारोबार, उड्डयन, रियल एस्टेट, निर्माण और आटोमोबाइल उद्योग इस दौरान बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 

हालांकि वर्ष के उत्तरार्घ में आटोमोबाइल और खुदरा कारोबार की स्थिति में कुछ सुधार दिखा। कंपनियां अपनी नियुक्ति योजना को लेकर लगातार सतर्क बनी हुई हैं और नये साल के दौरान उनकी इस योजना पर इसकी झलक दिखाई देती है। टीमलीज सविर्सिज के व्यवसाय प्रमुख (नियुक्ति) देवल सिंह ने कहा, ‘‘बेशक, बाजार में सकारात्मक संकेत हैं और करीब करीब सभी उद्योगों में नियुक्तियों के लेकर वृद्धि का रुख दिखाई देता है लेकिन यह काम सतर्कता बरतते हुये हो रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर नियुक्ति की मंशा जो कि लॉकडाउन के दौरान 11 प्रतिशत थी वह वित्त वर्ष की पहले छमाही में बढ़कर 18 प्रतिशत पर पहुंच गई और यह आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।’’ 

सिंह के मुताबिक लॉकडाउन के दिनों के मुकाबले रोजगार के अवसरों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। दिवाली के बाद जयादातर कंपनियों में वेतन कटौती समाप्त हो गई है और कुछ में बोनस का भी भुगतान किया गया है। प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कुछ कंपनियों ने तो कर्मचारियों की समय से पहले वेतन वृद्धि की भी घोषणा की है। मैनपॉवर समूह रोजगार परिदृश्य के ताजा सर्वेक्षण में कहा गया है कि कार्पोरेट इंडिया में सुधार के मजबूत संकेत दिखाई दे रहे हैं। 
 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments