
गुना, 22 नवंबर, विनोद कुशवाह,न्यूजमंच, चुनावी सीजन में भी लोकयुक्त पुलिस की कार्रवाई जारी है। गुरुवार को ग्वालियर से आई लोकायुक्त टीम ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र गुना में छापा मारा। लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए कॉपरेटिव (सहकारिता विभाग) के डिप्टी कमिश्नर (उपायुक्त) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
तकरीबन दो साल से गुना में पदस्थ, सहकारिता विभाग के उपायुक्त केके द्विवेदी का कार्यकाल शुरू से ही विवादित रहा है और उन पर समिति प्रबन्धकों से अवैध वसूली के आरोप भी लगते रहे हैं। ऐसे ही एक समिति प्रबंधक हरिशंकर रघुवंशी की शिकायत पर ग्वालियर लोकायुक्त की 5 सदस्यीय टीम गुना पहुँची।
लोकयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए, सहकारिता उपायुक्त केके द्विवेदी को उस समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जब वह समिति प्रबंधक से एक लाख रुपए की रिश्वत ले रहे थे।
लोकयुक्त डीएसपी आरपी भदौरिया के मुताबिक मावन के समिति प्रबंधक शंकर हरि रघुवंशी ने शिकायत की थी, उसे पद से हटाने और समिति को भंग करने की धमकी देकर सहकारिता विभाग के उपायुक्त केके द्विवेदी उससे एक लाख रुपए मांग रहे हैं। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त पुलिस का पांच सदस्यीय दल गुना आया, जहां उसने समिति प्रबंधक से पहले तो स्याही लगे नोट रिश्वत के तौर पर उपायुक्त दो दिलवाए और जैसे ही उपायुक्त ने रिश्वत के पैसे अपने हाथ मे लिए, लोकायुक्त पुलिस ने उसे पकड़ लिया। नवीन कलेक्ट्रेट भवन में स्थित किसी सरकारी दफ्तर पर छापे की ये पहली कार्यवाही है।
Leave Comments