• Last Update 06:12 am

सरकार गिराने कांग्रेस के एक विधायक को भाजपा ने दिया 100 करोड़ का प्रस्ताव - दिग्विजय ने कहा शिवराज विचलित हैं, हार को पचा नहीं पा रहे
Politics

सरकार गिराने कांग्रेस के एक विधायक को भाजपा ने दिया 100 करोड़ का प्रस्ताव - दिग्विजय ने कहा शिवराज विचलित हैं, हार को पचा नहीं पा रहे

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा नेताओं पर मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराने के लिए कांग्रेस के एक विधायक को 100 करोड़ रुपए देने का प्रस्ताव करने का आरोप लगाया है। प्रदेश विधानसभा परिसर में सिंह ने मंगलवार को कहा, मैहर से भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुरैना जिले के संबलगढ़ से कांग्रेस के विधायक बैजनाथ कुशवाह से संपर्क किया और उन्हें एक ढाबे पर ले गए। वहां भाजपा के  नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और विश्वास सारंग ने कुशवाह से मुलाकात की और कांग्रेस की सरकार गिराने के लिए 100 करोड़ रुपए देने का प्रस्ताव दिया। 

भाजपा ने दिया मंत्री पद का वादा

इसके साथ ही दोनों ने भाजपा की बनने वाली नई प्रदेश सरकार में मंत्री पद देने का लालच भी कुशवाह को दिया। कांग्रेस के कई विधायकों को इस प्रकार का लालच देने का दावा करते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं ने कुशवाह से तैयार खड़े चार्टर हवाई जहाज में साथ चलने के लिए कहा, लेकिन कुशवाह ने इससे इंकार कर दिया। उन्होने कहा, शिवराज सिंह चौहान विचलित हैं क्योंकि वह अपनी हार को पचा नहीं पा रहे हैं। 

सबूत हो तो कानूनी कार्रवाई करें : मिश्रा

सिंह के आरोपों के सवाल पर मिश्रा ने कहा, वह काफी समय से इस प्रकार के आरोप लगा रहे हैं। छपास रोग के कारण किसी पर अनर्गल आरोप नहीं लगाना चाहिए। मैं किसी ढाबे पर नहीं गया। यदि उनके पास सबूत है तो उन्हें इस मामले में कानूनी कार्रवाई करना चाहिए।     वहीं नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा विधायक गोपाल भार्गव ने दिग्विजय सिंह के बयानों को गंभीरता से नहीं लेने की बात कही। भार्गव ने कहा, इतनी बड़ी राशि आपने सुनी नहीं होगी। 

दिग्विजय को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं : भार्गव

गोपाल भार्गव ने कहा दिग्विजय के बयान को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वह गप्पबाजी करते हैं। आप जानते हैं केन्द्र में भाजपा की अटल जी की सरकार एक वोट से गिर गई थी। इसलिए भाजपा इस तरह के हथकंडों में विश्वास नहीं करती है। वहीं विश्वास सारंग ने कांग्रेस नेता को चुनौती दी कि सिंह अपने आरोप साबित करें। सारंग ने कहा, यह शिगुफेबाजी है। अब वे साबित करें कि हम किसी ढाबे में गए थे। कांग्रेस की सरकार है, कार्रवाई करे। वीडियो दिखाये। अगर यह साबित होता है तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments