
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क में प्रारंभिक मतदान शुरू हो गया है, जिसमें मतदाताओं को 3 नवंबर के राष्ट्रपति चुनाव से पहले मतपत्र देने के लिए 9 दिन का समय दिया गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने राज्य सरकार द्वारा जारी कार्यक्रम सूची के हवाले से बताया, न्यूयॉर्क में शुरुआती मतदान की समय सीमा 1 नवंबर तक चलेगी। यह शनिवार सुबह शुरू हुई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में शनिवार को फ्लोरिडा मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने ट्रंप के नाम के एक व्यक्ति को वोट दिया है। वेस्ट पाम बीच, ट्रंप के निजी मार-ए-लेगो क्लब के समीप है। वह न्यूयॉर्क में मतदान किया करते थे लेकिन पिछले साल अपना निवास स्थान बदल कर फ्लोरिडा कर लिया था।
बता दें कि 2 नवंबर को कोई भी प्रारंभिक मतदान नहीं होगा। गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने एक ट्वीट में कहा, यह इतिहास में पहली बार है कि राष्ट्रपति चुनाव में न्यूयॉर्कवासी जल्दी मतदान कर सकते हैं। अपनी आवाज बुलंद करें। इन चुनावों में कई अमेरिकियों ने अपने बैलट में मेल करने के विकल्प को चुना है, जबकि कई मतदाता कोरोनावायरस महामारी के कारण लंबे इंतजार और भीड़ से बचने के प्रयास में शुरुआती मतदान में भाग लेना चुना है।
हिल न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, इस बीच न्यूयॉर्क शहर के कई हिस्सों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। द वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, सेंट्रल पार्क ईस्ट हाईस्कूल में 700 से अधिक लोगों को मतदान केंद्रों के बाहर इंतजार करते देखा गया। वहीं न्यूयॉर्क सिटी काउंसिलमैन मार्क लेविन ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें अपर मैनहट्टन में लंबी कतारें देखी जा सकती हैं। यूएस इलेक्शंस प्रोजेक्ट की रिपोर्ट के अनुसार, करीब 5.65 करोड़ अमेरिकियों ने शनिवार तक देश भर में शुरुआती मतदान में अपने मतपत्र डाल दिए हैं।
Leave Comments