
नई दिल्ली। सर्जिकल स्ट्राइक का डर एक बार फिर पाकिस्तान को सता रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक की आशंका से पाकिस्तान ने भारत से लगी सीमा पर सैनिकों को हाई अलर्ट कर दिया है। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि भारत अपने आंतरिक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए पाक के खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकता है। बता दें कि उड़ी सेक्टर में आतंकी हमले और पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमले के जवाब में भारत ने सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की थी। हालांकि, एक तरफ तो पाकिस्तान सर्जिकल स्ट्राइक की बात से इनकार करता रहा है लेकिन दूसरी तरफ उसे सर्जिकल स्ट्राइक का डर भी सताता रहता है। इससे समझा जा सकता है कि ये पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा से ज्यादा कुछ भी नहीं है।
क्या कहा पाकिस्तान अखबार ने?
पाकिस्तान के प्रमुख अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने लिखा है, भारत की हिंदुत्ववादी नरेंद्र मोदी सरकार देश में जारी विरोध-प्रदर्शनों को कमजोर करने के लिए कुछ भी कर सकती है। भारत ये भी नहीं चाहता है कि सिख किसानों के नेतृत्व में हो रहे आंदोलन से खालिस्तानी आंदोलन को हवा मिले। अखबर ने सेना के सूत्रों से लिखा है, लाइन ऑफ कंट्रोल और भारत-पाकिस्तान वर्किंग बाउंड्री पर पाकिस्तानी सैनिकों को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है ताकि भारत के किसी भी दुस्साहस का जवाब दिया जा सके। पाकिस्तान के जियो न्यूज ने भी इस खबर को चलाया है। जियो न्यूज ने कहा अल्पसंख्यकों, किसान आंदोलन और कश्मीर को लेकर भारत पर बहुत ज्यादा दबाव है। भारत लद्दाख में भी चुनौतियों का सामना कर रहा है। इस वजह से भारत फिर कोई दुस्साहस कर सकता है।
Leave Comments