• Last Update 05:15 am

GHMC Election Results: नगर निगम चुनाव में बीजेपी बाजीगर बनकर उभरी, ओवैसी के गढ़ में 48 सीटों पर कब्जा जमाया
Politics
State

GHMC Election Results: नगर निगम चुनाव में बीजेपी बाजीगर बनकर उभरी, ओवैसी के गढ़ में 48 सीटों पर कब्जा जमाया

हैदराबाद। देश के सबसे बड़े नगर निगम में से एक ग्रेटर हैदराबाद के चुनाव नतीजे आ गए हैं। नगर निगम के चुनाव में बीजेपी बाजीगर बनकर उभरी है। इन चुनावों में बीजेपी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 48 सीटों पर जीत हासिल की है। केसीआर की पार्टी टीआरएस को 55 और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को 44 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस केवल दो सीटें जीतने में कामयाब रही। इस बार किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। 150 वार्डों वाले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम में बहुमत का आंकड़ा 75 है। हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार स्वस्तिक के निशान के कारण नेरेडेट वार्ड का परिणाम रोक दिया गया।

इस बार तीन पार्टियों के लिए यह एक प्रतिष्ठा की लड़ाई थी- सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जो तेलंगाना में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM)।

बीजेपी के शानदार प्रदर्शन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया। उन्होंने कहा,  'तेलंगाना की जनता ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया। तेलंगाना की जनता का आभार। देश के किसी भी नगर निगम चुनाव को बीजेपी ने पहली बार इतनी आक्रमकता से लड़ा। चुनाव प्रचार के लिए पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को छोड़ अपनी पूरी फौज उतार दी थी। 

चुनाव प्रचार के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद पहुंचे थे। इसके अलावा भाजपी ने स्मृति ईरानी, प्रकाश जावड़ेकर, तेजस्वी सूर्या, देवेंद्र फडनवीस सरीखे नेताओं को भी चुनाव प्रचार में उतारा। बीजेपी की तरफ से दिग्गजों के प्रचार में उतरने से चुनाव हाईप्रोफाइल हो गया। 

तेलंगाना के मंत्री और टीआरएस नेता केटी रामाराव ने कहा, 'मैं हैदराबाद के लोगों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने परिषद में प्रतिनिधित्व करने के लिए टीआरएस को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में चुना। नतीजा हमारी उम्मीद के मुताबिक नहीं आया है। हमे 20-25 सीटों से कम मिली है। 

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कोरोनोवायरस प्रकोप के दौरान जीएचएमसी चुनाव में भाग लेने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने एआईएमआईएम उम्मीदवारों को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव लड़ा था।

एक दिसंबर को हुए चुनाव में 46.55 मतदान हुआ था। सत्तारूढ़ टीआरएस सभी 150 वार्ड पर चुनाव लड़ा, जबकि बीजेपी 149 वार्ड, कांग्रेस 146 वार्ड पर और एमआईएम 51 पर चुनाव लड़ा। 2016 में हुए ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव की बात करें तो टीआरएस ने 150 वार्डों में से 99 वार्ड में जीत हासिल की थी, जबकि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को 44 वार्ड में जीत मिली थी।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments