
चंडीगढ़। कोविड-19 की वैक्सीन के ट्रायल में शामिल होने वाले हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इस बात की जानकारी गृह मंत्री ने खुद ट्वीट कर दी है। उन्होंने बताया कि वे अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। साथ ही अनिल विज ने पिछले दिनों उनके संपर्क में आए लोगों से कोरोना टेस्ट करवाने का आग्रह किया है। बता दें कि बीते दिनों बाबा रामदेव भी अनिल विज से मिल चुके हैं। इसके साथ ही कई अन्य नेताओं ने भी अनिल विज से मुलाकात की है।
बताया जा रहा है कि पहला टीका लगने के बाद अनिल विज को 28 दिन बाद दूसरी डोज दी जाने वाली थी। डॉक्टर उनके शरीर में एंटी बॉडीज बनने का अध्ययन करने वाले थे, लेकिन अब उनके कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद टीके पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के बचाव के लिए भारत बायोटेक और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद की दवा कोवैक्सीन के तीसरे चरण का परीक्षण चल रहा है ।
Leave Comments