• Last Update 05:37 am

(नई दिल्ली) एफएटीएफ कार्रवाई से पहले भारत ने पाक को किया बेनकाब, कहा- वह आतंकियों को दे रहा सुरक्षित माहौल
National

(नई दिल्ली) एफएटीएफ कार्रवाई से पहले भारत ने पाक को किया बेनकाब, कहा- वह आतंकियों को दे रहा सुरक्षित माहौल

नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत ने कहा पाकिस्तान आतंकी संगठनों, मसूद अजहर और जकीउर रहमान लखवी जैसे संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकवादी घोषित लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करा रहा है।  विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि पाकिस्तान ने, आतंक के वित्त पोषण को रोकने के लिए ‘फाइनेंसियल एक्शन टास्क फोर्स' (एफएटीएफ) द्वारा निर्देशित 27 कार्रवाई बिंदुओं में से 21 पर ही काम किया है।

एफएटीएफ की तीन दिवसीय आनलाइन बैठक बुधवार को शुरू हुई जिसमें वह पाकिस्तान द्वारा आतंकी समूहों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा कर रहा है। एफएटीएफ द्वारा पाकिस्तान को काली सूची में डाले जाने की संभावना पर सवाल किये जाने पर श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसी कार्रवाई के लिए एफएटीएफ की अपनी प्रक्रिया और नियम हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के छह महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य किया जाना अभी बाकी है।

प्रवक्ता ने कहा सभी जानते हैं कि पाकिस्तान द्वारा आतंकी संगठनों को सुरक्षित माहौल मुहैया कराया जाना जारी है। पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा आतंकवादी घोषित किए गए मसूद अजहर, दाऊद इब्राहिम, जकीउर रहमान लखवी इत्यादि के विरुद्ध भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। श्रीवास्तव ने मीडिया के सवालों के जवाब में यह भी बताया कि इस साल पाकिस्तान ने 3,800 बार बिना उकसावे के नागरिक इलाकों में सीजफायर उल्लंघन किया है। इसकी आढ़ में आतंकियों को घुसपैठ करने में मदद की कोशिश की गई है ताकि हथियार पहुंचाए जा सकें। उन्होंने कहा ड्रोन और क्वॉडकॉप्टर की मदद से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी की कोशिश की जा रही है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments