
भारत में बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 45 हजार 230 मामले दर्ज किए गए और 496 संक्रमितों ने अपनी जान गंवाई है। इसी के साथ देश में कुल मरीजों की संख्या 82 लाख को पार कर गई है। अब तक इस वायरस की चपेट में आकर 1 लाख 22 हजार 607 लोग मौत के मुंह में चले गए हैं। कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 75 लाख 44 हजार 798 के पार पहुंच गई है। एक्टिव केस भी घटकर 5 लाख 61 हजार 908 पर आ गए हैं। ICMR के मुताबिक, एक नवंबर तक कोरोना वायरस के कुल 11 करोड़ 07 लाख 43 हजार 103 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 8.55 लाख सैंपल की टेस्टिंग कल की गई। देश में कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य महाराष्ट्र है।
डॉक्टरों के मुताबिक दिवाली के दौरान ज्यादा प्रदूषण और बढ़ती ठंड के चलते कोरोना ज्यादा खतरनाक हो सकता है। बचाव के लिए डॉक्टर मास्क पहनने की सलाह दे रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक वैक्सीन नहीं, जब तक मास्क को ही कोरोना की सबसे बड़ी दवाई समझें। दिवाली के बाद कोरोना के दूसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। पहले से कोरोना की चपेट में आ चुके लोगों के लिए यह ज्यादा खतरनाक साबित होगा। खासकर ऐसे लोगों को ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है जिनके फेफड़ों पर वायरस का ज्यादा असर हुआ है। आईसीएमआर के प्लानिंग कोर्डिनेटर और आरएमआरसी के निदेशक डॉ. रजनीकांत ने बताया कि अधिक समय तक वायु प्रदूषण का सामना करने से कोरोना से मौत के मामले बढ़ सकते हैं। अमेरिका, यूरोप जैसे देशों में इस पर शोध हुए है। ऐसे में कोरोना से बचाव के सभी दिशा निर्देशों का पालन ही एकमात्र विकल्प है।
वहीं वैश्विक स्तर पर कोरोनावायरस मामलों की कुल संख्या 4.64 करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या 1,199,500 से अधिक हो गई हैं। यह जानकारी जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी ने सोमवार को दी। विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) ने अपने नवीनतम अपडेट में बताया कि सोमवार की सुबह तक कुल मामले 46,420,940 और मौतें 1,199,501 हो गई थी। सीएसएसई के अनुसार, अमेरिका दुनिया का सबसे अधिक कोविड प्रभावित देश है, जहां 9,199,523 मामले और उससे हुई 230,934 मौतें दर्ज की गई हैं।
Leave Comments