
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पुलवामा जिले के त्राल बस स्टैंड पर शनिवार को आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड से हमला किया। हालांकि ग्रेनेड निशाने पर नहीं लगा और बाजार में फट गया। इसकी चपेट में आकर 8 नागरिक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बता दें कि एक दिन पहले ही पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के एक मददगार को गिरफ्तार कर उसके पास से विस्फोटक सामग्री समेत अन्य चीजें बरामद की थी। उसकी पहचान अकीफ अहमद तेली के रूप में की गई। वह अवंतीपुरा के चेरसो का रहने वाला है।
बीते हफ्ते ही सेना औऱ सीआरपीएफ के जवानों ने अवंतीपोरा में एक आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी त्राल और संगम इलाको में हुई ग्रेनेड अटैक के घटनाओं में शामिल थे। गिरफ्तार किए गए 6 आतंकियों के पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क थे। पुलिस ने बताया था कि ये सभी आतंकी लगातार सुरक्षाबलों को ग्रेनेड के जरिए निशाना बना रहे थे।
इस कार्रवाई में पुलिस ने आतंकियों के कब्जे से विस्फोटक समेत कई तरह की सामग्री बरामद की थी। वहीं, बीते महीने पुलिस ने अवंतीपोरा से ही दो लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में दोनों लोग के जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-E-Mohammad) के साथ संपर्क होने का पता चला था. दोनों गिरफ्तार लोगों की पहचान बिलाल अहमद चोपान और मुरसलीन बशीर शेख के तौर पर हुई थी।
पुलिस ने जानकारी दी थी कि ये लोग हथियारों की आवाजाही के अलावा कश्मीर के पांपोर और त्राल इलाकों में आतंकियों के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट और रहने की व्यवस्था भी करते हैं।
Leave Comments