
न्यूजमंच, विनोद कुशवाह, गुना, मध्यप्रदेश के गुना जिले में स्थित पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के गृहनगर राघौगढ़ में मॉबलिचिंग की वारदात सामने आई है। यह घटना राघौगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बे के प्रज्ञा पब्लिक स्कूल के सामने की बताई जा रही है। मॉब लिचिंग की इस वारदात में भीड़ ने एक नाबालिग की साइकिल चोरी के आरोप में जूते, चप्पल, बेल्ट और लातों-घूसों से जमकर पिटाई की। पिटाई के दौरान नाबालगि चीख-चीख कर रोता रहा। करीब 15-20 मिनिट चली पिटाई के बाद भीड़ में मौजूद कुछ लोग युवक को थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में कोई मामला दर्ज नहीं किया है, हालांकि मॉबलिंचग की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारी लोगों पर कार्रवाई की बात कर रहे हैं।
मॉबलिचिंग की यह घटना करीब सुबह साढ़े 11 बजे के समय राघौगढ़ कस्बे में स्थित प्रज्ञा पब्लिक स्कूल के सामने की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चाचौड़ा क्षेत्र के कंजर का डेरा भमावद के रहने वाले एक 16 वर्षीय नाबालिग को कुछ लोगों ने साईकिल उठाते हुए देखा। जिसके बाद कुछ लोगों ने नाबालिग पर साईकिल चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामें के बाद मौके पर लोगों की भीड़ बढ़ती गई, भीड़ में कई लोग नाबालिग की जूते, चप्पल, बैल्ट और लात-घूंसों से पिटाई करते रहे। पिटाई के दौरान नाबालिग चीख-चीख कर रोता रहा। बाद में कुल लोगों ने नाबालिग को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरे मामले में पुलिस ने अब तक कोई भी मामला दर्ज नहीं किया है। राघौगढ़ थाना प्रभारी डीपीएस चौहान का कहना है कि नाबालिग ने बताया है कि कुछ लोगों ने साइकिल चोरी के आरोप में उससे मारपीट की है। नाबालिग उसके साथ मारपीट करने वाले लोगों को नहीं पहचानता है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल नाबालिग के मांबाप को बुलाया गया है। भीड़ द्वारा मारपीट का वीडियो वायरल होने के बात पर पुलिस का कहना है कि इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एक गुना कोतवाली थाना क्षेत्र के एबी रोड स्थित जगत होटल के सामने चाय की दुकान चलाने वाले रामप्रकाश चौरसिया ने दो अज्ञात पुलिसकर्मियों पर उससे मारपीट का आरोप लगाया है। चौरसिया ने गुना कोतवाली में दिए गए शिकायती आवेदन में बताया है कि बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे वह अपनी चाय की गुमटी पर बैठा था। उसी दौरान ही दो अज्ञात पुलिस वालों ने उसकी गुमटी पर आकर उसके साथ गाली-गलौंच करते हुए मारपीट की। चौरसिया ने बताया देर रात तक दुकान खोलने के आरोप में अज्ञात पुलिस कर्मियों ने उसे डंडे और लात-घूंसों से मारा साथ ही उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिसवालों ने उससे जबरन माफी भी मंगवाई और उसके बाद वह फरार हो गए। चौरसिया ने अपने साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर गुना कोतवाली में लिखित आवेदन दिया है। गुना टीआई अवनीश शर्मा का कहना है इस मामले सिटी कोतवाली का कोई भी पुलिसकर्मी लिप्त नहीं है, फरियादी आरोपी पुलिसकर्मियों को नहीं पहचानता है। शर्मा ने बताया कि इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Leave Comments