• Last Update 06:09 am

सासाराम में बोले मोदी-बिहार को बीमार बनाने वालों को इस बार लोग अपने आसपास भी नहीं फटकने देंगे
National

सासाराम में बोले मोदी-बिहार को बीमार बनाने वालों को इस बार लोग अपने आसपास भी नहीं फटकने देंगे

नई दिल्ली. बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण का चुनाव 28 अक्टूबर को होना है. बाकी बचे समय समय में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के तूफानी दौरे शुरु हो गए हैं. राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी जान फूंक दी है. बिहार के चुनावी रण में पीएम मोदी आज तीन जनसभाएं कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बसपा प्रमुख मायावती की बिहार में चुनावी जनसभाएं सभाएं हैं. सासाराम में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर बिहार में तेजी से काम नहीं किया गया होता तो बहुत सारे लोगों की जान चली जाती. अमीर से अमीर देश इससे नहीं बच पाए हैं. बिहार जयप्रकाश बाबू की कर्मभूमि है, यहां के लोग कभी भ्रम का शिकार नहीं होते हैं.  उनकी प्राथमिकताएं पहले से तय हैं. यहां एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है. पीएम मोदी ने कहा कुछ लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. मतदाताओं को उस पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है. बिहार के मतदाता भ्रम फैलाने वालों को खुद ही ठिकाने लगा देते हैं.

राज्य को बीमार बनाने का है उनका इतिहास
पीएम मोदी ने कहा कि जिनका इतिहास बिहार को बीमारू बनाने का है, उन्हें बिहार की जनता अपने आसपास नहीं फटकने देगी. पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के सपूत गलवान घाटी में शहीद हो गए, लेकिन भारत माता का सिर नहीं झुकने दिया. ऐसा ही पुलवामा के हमले में हुआ था. पीएम मोदी ने कहा कि यह आधुनिक युग है. लालटेन का जमाना अब चला गया है. बिहार में बिजली की खपत तीन गुना बढ़ गई है. पहले बिहार में सूरज ढलने का मतलब होता था, हर ओर अंधेरा छा जाना. आज यहां चौबीस घंटे बिजली है, रोशनी है. और ऐसा माहौल है जिसमें बिहार का नागरिक आराम से रह सकता है. पहले यहां बिहार में सरकार चलाने वालों के सामने हत्या, डकैती होती थी. राज्य बड़े-बड़े आपराधिक गिरोहों और माफिया के लिए जाना जाता था.  


पीएम मोदी ने भोजपुरी में शुरु किया संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सासाराम रैली में अपना संबोधन भोजपुरी में शुरू किया. पीएम मोदी ने अपना संबोधन शुरु करने के पहले दिवंगत लोजपा नेता रामविलास पासवान और राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि बिहार के लोग कोरोना वायरस महामारी का सामना कर रहे हैं, नीतीश जी की अगुवाई में बिहार आगे बढ़ रहा है.

हमारी प्राथमिकता केवल विकास : नीतीश
इससे पूर्व, रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई सफलतापूर्वक लड़ी गई. बिहार में केंद्र द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन किया. केंद्र के सहयोग से दूसरे राज्य में फंसे लोगों को बिहार वापस लाया गया. नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र की ओर से राशन, सिलेंडर, शौचालय की सुविधाओं को दिया गया. नीतीश कुमार बोले कि बिहार सरकार ने कोरोना के दौर में दस हजार करोड़ से अधिक खर्च किया है, बाहर से आए लोगों को आर्थिक मदद दी गई है. नीतीश बोले कि आप सभी लोग जानते हैं कि इससे पहले के 15 साल के कार्यकाल के दौरान यहां क्या हाल रहा, हमारी सरकार ने मेडिकल कॉलेज खोले और अब केंद्र ने भी काफी सहयोग किया है. बिहार में अपराध का आंकड़ा कम कर दिया है, कानून व्यवस्था तेजी से सुधर रही है. राजद पर निशाना साधते हुए नीतीश ने कहा कि जब उनकी सरकार थी तो बिहार का बजट 24 हजार करोड़ का था, अब दो लाख करोड़ से अधिक का बजट हो गया है. अब हर गांव में सोलर लाइट लगाई जाएगी, हर खेत तक पानी और नई तकनीक से खेती को बढ़ावा देंगे.

चिराग ने पीएम मोदी की रैली का किया स्वागत
बिहार के चुनावी रण में आज पीएम मोदी तीन रैलियों को संबोधित करेंगे. रैली से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अध्यक्ष चिराग पासवान ने पीएम मोदी का बिहार में स्वागत किया. इसके साथ ही चिराग ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज भी कसा है.

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments