
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के लगातार घट रहे मामलों में बुधवार को एक बार फिर तेजी देखी गई। बुधवार को नए मामले 50 हजार से ज्यादा सामने आए हैं। बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 54,044 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 717 मरीजों की मौत हो गई। देश में कोरोना के कुल मरीजों का आंकड़ा अब 76,51,108 हो गया जिनमें से 7,40,090 मामले एक्टिव हैं। मंगलवार के मुकाबले, एक्टिव मामलों में 8,448 की कमी आई है। पिछले 24 घंटों में 61,775 मरीज ठीक हुए हैं। देश में कोरोना के कुल रिकवर्ड मरीजों की संख्या 67,95,103 हो गई है। रिकवरी रेट अब 88.88 फीसदी हो गया है। कोविड-19 मामलों में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में गिरावट देखी गई है। रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या 60 हजार से कम रही है।
मंगलवार को 47,791 नए मामले सामने आए थे जो 28 जुलाई के बाद का सबसे कम आंकड़ा था। पिछले दो दिन से कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 600 से नीचे रह रही थी लेकिन बुधवार को यह सिलसिला टूट गया। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित 5 राज्यों में पिछले हफ्ते भर में एक्टिव केसेज कम होने का ट्रेंड है।
Leave Comments