
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के चलते इस बार नए साल के जश्न पर कई जगहों पर पाबंदी लगाई गई है। राजधानी दिल्ली में भी 31 दिसंबर और 1 जनवरी की रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक नाईट कर्फ्यू रहेगा। डीडीएमए ने नए साल के जश्न को लेकर होने वाली भीड़ के कारण ये ऑर्डर जारी किया है। पब्लिक प्लेस पर 5 लोगों से ज्यादा भीड़ इकठ्ठी नहीं हो सकती। नए साल के किसी भी जश्न और सेलिब्रेशन या प्रोग्राम की इजाजत नहीं होगी।
मुख्य सचिव विजय देव की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि सार्वजनिक स्थानों में लाइसेंस प्राप्त परिसर इसमें शामिल नहीं होगा। हालांकि कर्फ्यू के दौरान लोगों की राज्य के अंदर और राज्य से बाहर जाने पर कोई बैन नहीं होगा। मुख्य सचिव ने सभी जिला मजिस्ट्रेटों, डीसीपी और संबंधित सभी अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
बता दें कि दिल्ली में कोरोना के एक्टिव मामले 20 मई के बाद सबसे कम रह गए हैं, तब राज्य में कोरोना के 5720 मरीज थे। यानी 7 माह में सबसे कम मरीज उपचाराधीन हैं। दिल्ली में अभी सक्रिय मरीज यानी कोरोना का इलाज करवा रहे मरीजों की संख्या 5838 रह गई हैं, इनमें से भी करीब 50 फीसदी यानी 2788 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार नहीं चाहती की कोरोना से निपटने में किसी भी तरह की लापरवाही बरती जाए।
Leave Comments