• Last Update 06:53 am

पीएम मोदी ने रानी लक्ष्मीबाई और इंदिरा गांधी को जयंती पर किया नमन
National

पीएम मोदी ने रानी लक्ष्मीबाई और इंदिरा गांधी को जयंती पर किया नमन

नई दिल्ली। आज रानी लक्ष्मीबाई और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म दिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम ने रानी लक्ष्मी बाई को याद करते हुए कहा, आजादी की पहली लड़ाई में अद्भुत पराक्रम का परिचय देने वाली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनकी शौर्यगाथा देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। वहीं इंदिरा गांधी को याद करते हुए उन्होंने लिखा,  पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर नमन।

बता दें कि वीरांगना लक्ष्मी बाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी के अस्सी घाट के पास हुआ था। उनके पिता का नाम मोरेपंत और मां का नाम भागीरथी बाई था। रानी लक्ष्मी के बचपन का नाम मणिकर्णिका था। 14 साल की उम्र में उनकी शादी झांसी के राजा गंगाधर राव से हुई थी। रानी लक्ष्मीबाई ने अपनी बहादुरी से झांसी के किले पर कब्जा जमाने की कोशिश करने वाले अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे। वहीं इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को हुआ था। वह भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री थीं।

इंदिरा गांधी प्रभावी व्यक्तित्व वाली मृदुभाषी महिला थीं और अपने कड़े से कड़े फैसलों को पूरी निर्भयता से लागू करने का हुनर जानती थीं। फौलादी हौसले वाली इंदिरा गांधी के कुछ फैसलों को लेकर वह विवादों में भी रहीं। इंदिरा गांधी ने 1966 से 1977 के बीच लगातार तीन बार देश की बागडोर संभाली। उसके बाद 1980 में दोबारा इस पद पर पहुंचीं। 31 अक्टूबर 1984 को पद पर रहते हुए ही उनकी हत्या कर दी गई थी। दरअसल इंदिरा ने जून 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से आतंकियों को बाहर निकालने के लिए सैन्य कार्रवाई की थी, जिसकी कीमत उन्हें अपने सिख अंगरक्षकों के हाथों जान गंवाकर चुकानी पड़ी थी। 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments