
नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई राजनीतिक हस्तियों ने भारतीय क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिसबेन में खेले गये चौथे और अंतिम टेस्ट मैच में तीन विकेट की शानदार जीत के लिए बधाई दी। भारत ने श्रृंखला 2-1 से जीतकर बोर्डर-गावस्कर ट्राफी अपने नाम बरकरार रखी। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की गयी। भारत की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेट टीम को कड़ी मेहनत से टेस्ट श्रृंखला जीतने पर बधाई। टीम ने असाधारण कौशल और जज्बा दिखाया।
राष्ट्र को उनकी उपलब्धि पर गर्व है।’’ मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ऑस्टेलिया में भारतीय टीम की सफलता से हम सभी बहुत उत्साहित हैं। पूरे मैच के दौरान उनका प्रदर्शन ऊर्जा और जुनून से लबरेज रहा। उनकी इच्छाशक्ति, दृढ़ता और संकल्प उत्कृष्ट रहा। टीम इंडिया को बधाई। भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।’’ भारत ने आज चौथे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच में आस्ट्रेलिया को तीन विकेट से हराकर श्रृंखला 2-1 से जीतकर बोर्डर-गावस्कर ट्राफी अपने पास बरकरार रखी। भारत के सामने 328 रन का लक्ष्य था जो उसने सात विकेट खोकर हासिल किया। भारत की तरफ से शुभमन गिल ने 91, ऋषभ पंत ने नाबाद 89 और चेतेश्वर पुजारा ने 56 रन बनाये। आस्ट्रेलिया की गाबा मैदान पर पिछले 32 वर्षों में यह पहली हार है
जबकि भारत ने यहां अपनी पहली जीत दर्ज की। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ कई राजनेताओं ने भी भारतीय टीम के जज्बे की तारीफ की। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के सचिवालय ने उनके हवाले से ट्वीट किया, ‘‘ब्रिसबेन टेस्ट में शानदार जीत और बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को बरकरार रखने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई। आपने आज इतिहास रच दिया है। आपके दृढ़ निश्चय और कभी न हार मानने वाले रवैये ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।’’
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ भारतीय क्रिकेट टीम को श्रृंखला में ऐतिहासिक जीत के लिए सलाम। पूरे देश को आपकी शानदार उपलब्धि पर गर्व है। भारतीय टीम अच्छा खेली।’’ खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने ट्वीट किया, ‘‘ ऐतिहासिक जीत और बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को बरकरार रखने के लिए भारतीय टीम को बधाई । हम आपके उत्कृष्ट प्रदर्शन और हमारे युवा खिलाड़ियों द्वारा दिखाये गये धैर्य और हिम्मत पर गर्व करते हैं।’’ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर पर भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे का वीडियो साझा किया जिसमें वह बाकी खिलाड़ियों के साथ जश्न मना रहे हैं।
Leave Comments