
बेलगाम, 24 दिसंबर, न्यूज़ मंच, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने राहुल गांधी के कर्नाटक से चुनाव लड़ने की संभवना पर विराम लगाते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे। पिछले दिनों मीडिया में खबरें आई थीं कि अमेठी में भाजपा की सक्रियता बढ़ने से राहुल गांधी कर्नाटक की किसी सुरक्षित सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
इस चर्चा ने उस समय जोर पकड़ लिया था, जब कांग्रेस ने कर्नाटक में पूर्व मंत्री एचके पाटिल को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया। कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पाटिल को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी का चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किए जाने को मंजूरी दी है।
पाटिल राज्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मंत्री डीके शिव कुमार का स्थान लेंगे। मालूम हो कि राजनारायण के हाथों रायबरेली से चुनाव हारने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी कर्नाटक के चिकमंगलूर सीट से ही लोकसभा में पहुंची थीं। चिकमंगलूर मुस्लिम बहुल सीट है, यहां से कांग्रेस लगातार जीतती रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की इकाई से अपने संगठन को मजबूत करने और आगामी लोकसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने के लिए तैयार होने को कहा है। राहुल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख सोमेन मित्रा तथा बंगाल के प्रभारी गौरव गोगोई के साथ नई दिल्ली में हुई बैठक में यह मंत्र दिया। इस दौरान उन्होंने राज्य इकाई में पार्टी संगठन के भीतर व्याप्त अनेक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
मित्रा ने पार्टी प्रमुख के साथ बैठक के बाद एक बयान जारी करके कहा हमसे राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने और आने वाले लोक सभा चुनाव अपने दम पर लड़ने के लिए तैयारी करने के कहा गया है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार मित्रा ने गांधी को राज्य में तृणमूल कांग्रेस के कुशासन और भाजपा के खतरों की भी जानकारी दी।
Leave Comments