
पटना। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, बाबा विश्वनाथ की नगरी से सम्राट अशोक की धरती पर चुनावी शंखनाद करने आ रहे हैं। सासाराम में पहली चुनावी सभा के बाद वह कांग्रेस के कई बड़े उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। दिल्ली से लेकर पटना तक राहुल के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने की तैयारी की जा रही है। राहुल का पूरा दौरा हवाई होगा। एक दिन में आधा दर्जन स्थानों पर उनका हेलीकॉप्टर लैंड करेगा और वह जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल 23 अक्टूबर के बाद प्रतिदिन आधा दर्जन से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे।
बनारस से बक्सर और सासाराम में प्रवेश करेंगे राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का जो कार्यक्रम तैयार किया गया है, उसके अनुसार वह बनारस से सासाराम, बक्सर के क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। इस क्षेत्र में कांग्रेस के प्रत्याशी कई सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल उनके पक्ष में माहौल बनाने के लिए जनसभाएं करेंगे। बताया जाता है कि बनारस से राहुल गांधी हेलीकॉप्टर से सासाराम पहुंचेंगे। इस क्षेत्र में राजपुर, मोहनिया में बड़ा कार्यक्रम कर सकते हैं। औरंगाबाद, गया और भागलपुर में भी राहुल का कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा।
कार्यक्रम में टाइम मैनेजमेंट पर किया जा रहा है मंथन
राहुल के कार्यक्रम में कैसे टाइम मैनेजमेंट किया जाए, इसे लेकर पार्टी में मंथन किया जा रहा है। राहुल के कार्यक्रम के पूर्व ही कांग्रेस के बड़े नेताओं की केंद्रीय टीम बिहार में कैंप करेगी। पटना में गुरुवार से ही कांग्रेस चुनावी माहौल तैयार करने में जुट जाएगी। हालांकि, बुधवार को बिहार कांग्रेस कार्यालय में तो कुछ खास हलचल नहीं रही, लेकिन केंद्रीय कमेटी में बिहार चुनाव को लेकर लगातार अपडेट मांगा जा रहा था।
राहुल के साथ सोनिया और प्रियंका भी करेंगी चुनाव प्रचार
स्टार प्रचारकों के मिनट टू मिनट कार्यक्रमों की भी खाका खींचने का काम पटना से लेकर दिल्ली तक किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जितने भी बड़े नेता या प्रतिष्ठा वाली सीट है वहां राहुल, सोनिया और प्रियंका का कार्यक्रम रखा जा रहा है। इसके लिए टाइम मैनेजमेंट का गणित सेट किया जा रहा है। माना जा रहा है कि स्टार प्रचारकों की गतिविधियों से बिहार में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनेगा।
Leave Comments