
नई दिल्ली। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पिछले 24 घंटे से जारी भारी बारिश ने अफरा-तफरी पैदा कर दी है। भारी बारिश की वजह से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर सैलाब जैसा नजारा दिखाई दे रहा है। दम्मईगुडा इलाके में एक कार पानी में बह गई है। 9 लोगों की मौत तो बदलागुड़ा के मोहम्मदिया हिल्स में दीवार गिर जाने की वजह से हुई है। एक अलग घटना में, एक 40 वर्षीय महिला और उसकी 15 वर्षीय बेटी की मौत हो गई है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में वर्षा की वजह से हुए हादसों में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम का मिजाज देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घर पर ही रहने की अपील की है।
बारिश में फंसे लोगों को निकालने के लिए सड़कों पर चली नावें
मूसलाधार बारिश से हालात इतने भयावह हो गए हैं कि कई जगह पानी में फंसे लोगों को निकालने के लिए सड़कों पर नाव का इस्तेमाल करना पड़ा। पानी के बीच फंसे लोगों को राज्य आपदा प्रबंधन (एसडीआरएफ) की टीम ने रेस्क्यू किया है। हैदराबाद में बारिश की वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। बाढ़ का पानी हैदराबाद-विजयवाड़ा राजमार्ग पर आ गया है। झील में बाढ़ की वजह से हालात बेकाबू हो गए हैं।
बारिश के कारण टालनी पड़ीं विश्वविद्यालय की परीक्षाएं
बारिश की वजह से उस्मानिया विश्वविद्यालय और जवाहर लाल नेहरू तकनीकी विश्वविद्यालय ने आज और कल होने वाली अपनी परीक्षाओं को टाल दिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के लिए बाद में तिथियां घोषित की जाएंगी।
आंध्र प्रदेश में वर्षा से 40 गावों के 350 घर क्षतिग्रस्त
मौसम विभाग ने बताया कि आंध्र प्रदेश में भी मंगलवार को भारी बारिश हुई है। राज्य के विशाखापट्टनम जिले में भारी वर्षा के कारण 40 गांव के करीब 350 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। राज्य के कुछ हिस्सों के लिए आज भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
केरल में जनजीवन प्रभावित, कई जिलों के लिए यलो अलर्ट
केरल के अधिकांश इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई है। इसके बाद कोझिकोड सहित कई जिलों में बुधवार को बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार के लिए तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और पठनमथिट्टा के अलावा कई अन्य जिलों में भी यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में गुरुवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।
Leave Comments