
जयपुर, 7 दिसंबर, न्यूज़ मंच, विधानसभा चुनाव 2018 के लिए राजस्थान की 200 सीटों पर और तेलंगाना की 119 सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। राजस्थान में 4.74 करोड़ लोग मतदान करने के योग्य हैं, वहीं तेलंगाना में 2.80 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं। तेलंगाना में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ जबकि राजस्थान में सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ।
राजस्थान में हो रहे चुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए बहुत ही अहम भूमिका निभाने वाले हैं। एक तरफ भाजपा को अपनी सत्ता बचानी है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस को यहां से जीतने की पूरी उम्मीद है और राजस्थान में जीत कर भारत के भगवा नक़्शे पर कांग्रेस की स्थिति कुछ सुधर जाएगी।
इस समय होने वाले विधानसभा चुनाव 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर काफी गहरा प्रभाव डालने वाले हैं। यही कारण है की भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी पूरी शक्ति 2018 के अंत में हो रहे पांच राज्यों के चुनाव में लगा रही हैं।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में मतदान हो चुका है और अब तक सट्टा बाज़ार से लेकर बड़े बड़े विशेषज्ञों की माने, तो कुछ कहा नहीं जा सकता की सरकार किसकी बनेगी। राजस्थान में भी दोनों पार्टियों ने पूरी मेहनत की है और देखना है कि यहां रुझान किस तरफ जा रहे हैं।
200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा के लिए मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है, लेकिन कई जगह पर मुकाबले के त्रिपक्षीय हो जाने की संभावना है। 119 सदस्यीय तेलंगाना में कांग्रेस ने तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तेलंगाना जन समिति(टीजेएस) के साथ गठबंधन किया है और टीआरएस को टक्कर देने के लिए तैयार है।
दरअसल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और मिजोरम में मतदान हो गया है. आज बाकी दो राज्यों, राजस्थान और तेलंगाना, में भी संपन्न हो जाएगा। जिसके बाद एग्जिट पोल का दौर शुरू होगा और 11 दिसंबर को अंतिम परिणाम सबके सामने होंगे। राजस्थान और तेलंगाना के चुनाव नतीजे छत्तीसगढ़, मिजोरम और मध्यप्रदेश के साथ 11 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
Leave Comments