• Last Update 07:37 am

Mumbai: रिपब्लिक टीवी के एडिटर की गिरफ्तारी पर जावड़ेकर बोले- ये आपातकाल की याद दिलाती है
State

Mumbai: रिपब्लिक टीवी के एडिटर की गिरफ्तारी पर जावड़ेकर बोले- ये आपातकाल की याद दिलाती है

मुंबई। रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी को महाराष्ट्र पुलिस की रायगढ़ यूनिट ने बुधवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में अर्नब को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम ने रिपब्लिक टीवी के एडिटर को उनके घर में घुसकर गिरफ्तार किया है। 

गोस्वामी का दावा है कि उनके साथ पुलिस वैन में मारपीट की गई। उनके बेटे को पीटा गया और उनके ससुराल पक्ष के लोगों के साथ बदसलूकी की गई। उधर उनके सहयोगियों ने इस घटनाक्रम को प्रसारित करते हुए सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों से न्याय की मांग की। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने महाराष्ट्र में प्रेस की आजादी पर हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा, अर्नब की गिरफ्तारी आपातकाल की याद दिलाती है।

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, मुंबई में प्रेस-पत्रकारिता पर जो हमला हुआ है वह निंदनीय है। यह इमरजेंसी की तरह ही महाराष्ट्र  सरकार की कार्यवाही है। हम इसकी भर्त्सना करते हैं। उन्होंने कहा, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में काम कर रही कांग्रेस अभी भी आपातकालीन मनस्तिथि में है। इसी का सबूत आज महाराष्ट्र में उनकी सरकार ने दिखाया है। लोग ही इसका लोकतांत्रिक जवाब देंगे।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, फ्री प्रेस में जो लोग आज अर्नब के समर्थन में खड़े नहीं हैं, अब आप फासीवाद के समर्थन में हैं। आप उसे पसंद नहीं कर सकते हैं, आप उसे स्वीकार नहीं कर सकते हैं, आप उसके अस्तित्व को तुच्छ समझ सकते हैं लेकिन यदि आप चुप रहते हैं तो आप दमन का समर्थन करते हैं। कौन बोलेगा अगर आप अगले शिकार होते हैं?

क्या है पूरा मामला?
साल 2018 में 53 साल के एक इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उसकी मां ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले की जांच सीआईडी की टीम कर रही है। कथित तौर पर अन्वय नाइक के लिखे सुसाइड नोट में कहा गया था कि आरोपियों (अर्नब और दो अन्य) ने उनके 5.40 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया था, इसलिए उन्हें आत्महत्या का कदम उठाना पड़ा। रिपब्लिक टीवी ने आरोपों को खारिज कर दिया था।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments