
अशोकनगर.1 नवम्बर, न्यूजमंच. बुधवार दोपहर बीना-कोटा रेलवे ट्रेक पर अहमदाबाद से वाराणसी जा रही साबरमती एक्सप्रेस अचानक सामने आई गाय से टकरा जाने के कारण करीब तीन घंटे तक मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के पीलीघटा स्टेशन पर खड़ी रही। बताया जा रहा है कि गाय के टकरा जाने से साबरमती एक्सप्रेस के इंजन का सेफ्टीगार्ड टूट गया था, जिससे इंजन में भी खराबी आ गई। इस कारण ट्रेन दो घंटे 40 मिनिट तक पीलीघटा स्टेशन पर ही रुकी रही। बाद में इंजन सुधरने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया, जो अशोकनगर स्टेशन पर साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंच सकी। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, हालात ऐसे हुए की यात्रियों को पीने का पानी तक नहीं मिला।
बुधवार को 19167 अहमदाबाद-वाराणसी साबरमती एक्सप्रेस आधा घंटे की देरी से गुना से रवाना हुई। स्टेशन मास्टर संतकुमार के मुताबिक पीलीघटा स्टेशन आने से पहले ही ट्रेन से गाय टकरा गई, इससे इंजन में खराबी आ गई। बाद में 12:13 बजे ट्रेन पीलीघटा स्टेशन पर पहुंची और 2:53 बजे तक वहीं पर रुकी रही। इस दौरान ट्रेन चालक इंजन में आई खराबी को सुधारते रहे। इंजन सुधरने के बाद ट्रेन को अशोकनगर के लिए रवाना किया। इससे ट्रेन अपने निर्धारित समय 11:55 बजे की बजाए तीन घंटे 32 मिनिट की देरी से 3:27 बजे अशोकनगर स्टेशन पर आ सकी। इससे यात्री स्टेशन पर ट्रेन के आने के इंतजार में परेशान होते रहे और लोगों को फोन लगाकर ट्रेन की लोकेशन की जानकारी लेते नजर आए।
यात्री बोले न खाने को मिल सका और न हीं पानी-
साबरमती एक्सप्रेस में करीब तीन हजार से अधिक यात्री थे, लेकिन दो घंटे 40 मिनिट तक ट्रेन पीलीघटा स्टेशन पर रुकी रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर न तो पानी मिल सका और न हीं कोई खाने की सामग्री। इतने लंबे समय तक छोटी स्टेशन पर टे्रन रुकी रहने से यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशान पानी के लिए होना पड़ा, क्योंकि ट्रेन में पानी बेचने वाले बेंडरों के पास भी पानी खत्म हो गया, इससे हैंडपंप पर यात्रियों की भारी भीड़ लगी रही।
Leave Comments