
जम्मू। जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को हटाए जाने और राज्य को दो भागों में बांटे जाने के बाद प्रदेश में पहली बार चुनाव कराए जा रहे हैं। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद चुनाव (DDC) के दूसरे चरण में वोटिंग हुई। राज्य निर्वाचन आयुक्त केके शर्मा ने कहा कि दूसरे चरण में 48.62 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दूसरे चरण में जम्मू संभाग में 65.54 फीसदी व कश्मीर संभाग में 33.34 फीसदी मतदान हुआ। पहले चरण में प्रदेश में 43 सीटों के लिए कुल 51.76 प्रतिशत मतदान हुआ था।
कड़ाके की ठंड के कारण शुरूआत में कम मतदाता पोलिंग बूथ पर पहुंच रहे थे. लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया मतदाताओं की संख्या बढ़ती गई। जिला विकास परिषद के इस चुनाव में गुपकार गठबंधन के दल भी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस, बीजेपी और जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी भी चुनावी मैदान में है। गुपकार अलायंस में डॉ. फारूक अब्दुल्ला की अध्यक्षता वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस, महबूबा मुफ्ती की अगुआई वाली पीडीपी के अलावा सज्जाद गनी लोन की पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, अवामी नेशनल कॉन्फ्रेंस, जम्मू-कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट और माकपा की स्थानीय यूनिट शामिल है।मौजूदा राजनीतिक समीकरण के मुताबिक गुपकार अलायंस कश्मीर में मजबूत है, जबकि भाजपा की स्थिति जम्मू में काफी मजबूत है।
बता दें कि जिला विकास परिषद (DDC) के दूसरे चरण के चुनावों में 43 क्षेत्रों में वोटिंग हुई। इनमें 25 डिविजन कश्मीर के और 18 जम्मू के हैं। कुल 321 कैंडिडेट मैदान में हैं। इनमें से 196 कश्मीर डिविजन के जबकि 125 जम्मू के हैं। DDC के चुनावों के साथ सरपंच और पंच के उपचुनाव भी हो रहे हैं। DDC, सरपंच और पंच के चुनावों में पहली बार पश्चिमी पाकिस्तान के रिफ्यूजी को भी वोट डालने का अधिकार मिला है। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी पाकिस्तान से आए शरणार्थियों के 22 हजार से ज्यादा परिवार हैं।
कश्मीर संभाग में सबसे अधिक मतदान बांडीपोरा में हुआ। वहां पर 69.66 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि सबसे कम मतदान पुलवामा में मात्र 8.67 प्रतिशत दर्ज किया गया।अगर जम्मू संभाग की बात करें तो पुंछ में रिकार्ड तोड़ 75.07 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि कुठआ में सबसे कम 60.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
किस जिले में कितना प्रतिशत मतदान हुआ
जिला मतदान प्रतिशत
पुलवामा 8.67
बारामूला 28.95
श्रीनगर 33.78
कुलगाम 29.90
शौपियां 17.28
अनंतनाग 16.09
बांडीपोरा 69.66
गांदरबल 49.14
कुपवाड़ा 58.69
बड़गाम 43.51
किश्तवाड़ 61.64
ऊधमपुर 62.51
जम्मू 69.97
कठुआ 60.10
रामबन 66.23
डोडा 64.80
सांबा 66.38
पुंछ 75.07
राजौरी 60.21
रियासी 69.27
8 फेज में हो रहे चुनाव
पहला फेज : 28 नवंबर को पूरा हुआ
दूसरा फेज : 1 दिसंबर
तीसरा फेज : 4 दिसंबर
चौथा फेज : 7 दिसंबर
पांचवां फेज : 10 दिसंबर
छठा फेज : 13 दिसंबर
सातवां फेज : 16 दिसंबर
आठवां फेज : 19 दिसंबर
Leave Comments