
उत्तर प्रदेश | उत्तर प्रदेश के बहराइच से सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोगों के घायल हो गए। ये हादसा गोंडा-बहराइच मार्ग पर प्रयागपुर में एक मोड़ पर दो वाहनों के टकराने की वजह से हुआ। सफर कर रहे लोग अंबेडकर नगर के किछौछा दरगाह से लखीमपुर खीरी जा रहे थे। एक्सीडेंट के बाद घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सभी घायल लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया और सिंगाही के रहने वाले हैं। मृतक भी यही के रहने वाले थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 16 लोग एक महिंद्रा गाड़ी में सवार होकर अम्बेडकर नगर स्थित किछौछा शरीफ के दर्शन करके लौट रहे थे। पयागपुर थाना क्षेत्र के शिव दहा मोड़ के पास तेजी से आते किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और लोगों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस को घटनास्थल पर आने में का काफी समय लगा। अगर समय से मौके पर एंबुलेंस पहुंच जाती तो कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे में घायल इफ्तिखार हैदर का कहना है कि रात 11 बजे के आसपास दुर्घटना हुई और हम लोगों को तीन बजे अस्पताल पहुंचाया गया। इसलिए हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कुछ लोगों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बहराइच में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया हैय़ उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
Leave Comments