• Last Update 06:15 am

सौरव गांगुली 6 जनवरी को होंगे अस्पताल से डिस्चार्ज, डॉ. रूपाली बसु ने पुष्टि की
Sports

सौरव गांगुली 6 जनवरी को होंगे अस्पताल से डिस्चार्ज, डॉ. रूपाली बसु ने पुष्टि की

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली को बुधवार (6 जनवरी) को छुट्टी दे दी जाएगी। हालांकि घर में भी गांगुली मेडिकल देख-रेख में होंगे, जहां रोजाना जांच होगी। वुडलैंड्स अस्पताल की एमडी और सीईओ डॉ. रूपाली बसु ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। गांगुली को पिछले हफ्ते अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब उन्होंने अपने कोलकाता स्थित घर पर एक्सरसाइज करते समय सीने में दर्द, सिर का भारीपन, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की थी।

टेस्ट से पता चला कि भारत के पूर्व कप्तान को दिल का दौरा पड़ा था और 3 कोरोनरी धमनियों में ब्लॉकेज था। गांगुली की एंजियोप्लास्टी की गई जिसके बाद दिल की नसों में स्टेंट डाला गया। सोमवार को एक 9-सदस्यीय मेडिकल टीम का गठन किया गया, जिसने तब तय किया कि गांगुली को अपनी कोरोनरी धमनियों में शेष रुकावटों के लिए किसी और एंजियोप्लास्टी की आवश्यकता नहीं है। इससे पहले डॉ. रूपाली बसु और डॉ. सरोज मंडल ने बताया था कि गांगुली के हार्ट में कई ब्लॉकेज थे, जो 'क्रिटिकल थे'। राहत की बात है कि उनकी तबीयत स्थिर है।

बता दें कि सौरव गांगुली को भारत के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। गांगुली ने भारत के लिए 113 टेस्ट और 311 वनडे खेले। सौरव गांगुली ने 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट में शतक जड़कर अपने टेस्ट करियर जोरदार आगाज किया था। उन्होंने 49 टेस्ट और 147 वनडे मैचों में भारत की कप्तानी की। बाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज सौरव गांगुली ने अपने करियर में 113 टेस्ट मैचों में 42.17 की औसत से 7212 रन बनाए, जिनमें 16 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।

वहीं 311 वनडे मैचों में उन्होंने 41.02 की औसत से 11363 रन बनाए, जिनमें 22 शतक और 72 अर्धशतक शामिल हैं। गांगुली ने टीम को ऐसे मुकाम पर पहुंचाया जो देश ही नहीं, बल्कि देश के बाहर भी जीतना जानती थी।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments