• Last Update 06:15 am

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ दल ने इजराइली दूतावास के निकट विस्फोट स्थल का किया दौरा
National

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ दल ने इजराइली दूतावास के निकट विस्फोट स्थल का किया दौरा

नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ (स्पेशल सेल) के जांच दल ने शनिवार सुबह इजराइली दूतावास के निकट उस स्थल का दौरा किया, जहां आईईडी विस्फोट हुआ था। सूत्रों ने बताया कि विस्फोट के संबंध में जारी जांच के तहत और अधिक सबूत एकत्र करने के लिए पुलिस दल ने विस्फोट स्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी विस्फोट स्थल से कुछ नमूने एकत्र किए हैं, ताकि आईईडी में इस्तेमाल की गई रासानयिक संरचना का पता लगाया जा सके। 

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल से बरामद हुए विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाले बाल बेयरिंग के हिस्से जमीन पर बिखरे पड़े मिले और विस्फोट का असर स्थल के 20 से 25 मीटर के दायरे में महसूस किया गया। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के लुटियंस इलाके में औरंगजेब रोड पर स्थित इजराइली दूतावास के निकट शुक्रवार शाम मामूली आईईडी विस्फोट हुआ था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ एवं जान-माल का किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। 

सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि विस्फोट स्थल पर जांचकर्ताओं को इजराइली दूतावास का पता लिखा एक लिफाफा मिला है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ इसकी जांच कर रहा है। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की 10 सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को विस्फोट स्थल का दौरा किया था और धातुओं एवं बॉल बेयरिंग समेत वहां मौजूद अन्य अवशेष एकत्र किए थे। दिल्ली पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने भी शुक्रवार शाम को घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया था। एक सूत्र ने बताया कि घटनास्थल से बरामद सभी सामग्रियां दिल्ली के जांच अधिकारी को सौंप दिया गया है। 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments