
हैदराबाद, 24 दिसंबर, न्यूज़ मंच, भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने इस बात पर आश्चर्य प्रकट किया कि जिस व्यक्ति शक्तिकांत दास को उन्होंने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार में लिप्त होने की वजह से वित्त मंत्रालय से निकाल दिया था, उसे आरबीआई का गवर्नर नियुक्त किया गया है।
शक्तिकांत दास की नियुक्त को हैरानी भरा कदम
उन्होंने आरोप लगाया आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास भी भ्रष्टाचार में शामिल रहे हैं। भाजपा सांसद स्वामी ने हाल ही में शीर्ष बैंक के शीर्ष पद पर हुई उनकी नियुक्त को हैरानी भरा कदम बताया। हालांकि, उन्होंने दास के भ्रष्टाचार में लिप्त होने का कोई ब्यौरा नहीं दिया। वह पहले भी ऐसा आरोप लगा चुके हैं।
आरबीआई के नए गवर्नर अत्यधिक भ्रष्ट हैं
स्वामी ने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के संवाद सत्र में कहा आरबीआई के नए गवर्नर अत्यधिक भ्रष्ट हैं। मैंने उन्हें वित्त मंत्रालय से हटवा दिया था। यह पूछे जाने पर कि उनके हिसाब से किसे आरबीआई का नेतृत्व करना चाहिए, इस पर राज्यसभा सदस्य स्वामी ने भारतीय प्रबंधन संस्थान बेंगलुरू के प्रोफेसर आर. वैद्यनाथन का नाम लिया। उन्होंने कहा आईआईएम-बी में वित्त के पूर्व प्रोफेसर आर. वैद्यनाथन बेहतर हो सकते थे। वह संघ के पुराने व्यक्ति भी हैं। वह हमारे व्यक्ति हैं।
भगवा पार्टी फिर सत्ता में आएगी
अगले साल होने वाले आम चुनाव के बारे में पूछे जाने पर स्वामी ने कहा भगवा पार्टी फिर सत्ता में आएगी, क्योंकि नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है।
राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाए जाने पर स्वामी ने कहा कि उनके पास ब्रिटिश नागरिकता है और वह प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। गांधी इस आरोप को पहले ही खारिज कर चुके हैं।
Leave Comments