
मुंबई। दिवंगत बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति अपने बच्चों फ्रेयजा और निर्वाण को भगवद गीता पढ़ा रही हैं। यूएस में रह रहीं श्वेता ने सोशल मीडिया पर अपने बच्चों की फोटो शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। श्वेता ने अपनी पोस्ट में लिखा है- फ्रेयजा और निर्वाण को भगवद गीता सिखा रही हूं और हमारी दिनचर्या में इसकी शिक्षा का अभ्यास करा रही हूं। दिल को झकझोर देने वाले दर्द, गहरी बेचैनी और निराशा को आध्यात्मिकता के जरिए ही नियंत्रित किया जा सकता है।
श्वेता ने कहा, जब आप ईश्वर से जुड़ते हैं तो आपके पास सभी तरह की बाहरी और अंदरूनी मुश्किलों से लड़ने के लिए अटूट ऊर्जा और शक्ति आ जाती है। ईश्वर हम आपको बहुत प्यार करते हैं। हमेशा हमारे साथ रहना और सही रास्ता दिखाना। अच्छाई हमेशा बुराई पर हावी रहती है। श्वेता की पोस्ट के कमेंट में सुशांत की एक्स-गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे ने दिल की इमोजी शेयर की है। वहीं, सुशांत के फैन्स ने श्वेता को तसल्ली दी है कि वे तब तक लड़ते रहेंगे, जब तक कि उन्हें न्याय नहीं मिल जाता।
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने मुंबई स्थित घर में मृत मिले थे। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। सुशांत की बहनों और बाकी फैमिली मेंबर्स ने मामले में फाउल प्ले होने की आशंका जताई थी।
Leave Comments