
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों ने बीजेपी युवा मोर्चा के महासचिव फिदा हुसैन समेत 3 नेताओं की हत्या कर दी। हमले के बाद आतंकियों की तलाश में पुलिस और सेना ने पूरे इलाके को घेर कर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस हमले के बाद एक बार फिर से कश्मीर में बीजेपी के नेताओं में दशहत व्याप्त हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा - 'मैं 3 युवा बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या की निंदा करता हूं। वे जम्मू-कश्मीर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उज्ज्वल युवा थे। दुख के इस समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।'
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस हमले पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- 'दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले से भयानक खबर। मैं आतंकी हमले में 3 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या की निंदा करता हूं। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे और इस मुश्किल के समय में उनके परिवार को ताकत मिले।'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी युवा मोर्चा के महासचिव फिदा हुसैन अपने दो साथियों उमर रमजान और हारून बेग के साथ घर की तरफ जा रहा थे। रास्ते में वाईके पोरा इलाके में घात लगाकर बैठे आतंकियों ने उनकी कार पर फायरिंग शुरू कर दीं। इस हमले में तीनों घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
कुलगाम पुलिस को गुरुवार रात 8 बजे बीजेपी के तीन नेताओं पर आतंकी हमले की सूचना मिली। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आतंकी एक वाहन पर सवार होकर आए थे। हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए। अब सेना और पुलिस की जॉइंट टीम पूरे इलाके की घरेबंदी कर आतंकियों की तलाश में जुटी हुई है।
Leave Comments