• Last Update 05:13 am

West Bengal: विधानसभा चुनाव से पहले TMC को झटका, विधायक मिहिर गोस्वामी भाजपा में शामिल हुए
Politics

West Bengal: विधानसभा चुनाव से पहले TMC को झटका, विधायक मिहिर गोस्वामी भाजपा में शामिल हुए

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 2021 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले तृनमूल कांग्रेस को झटका लगा है। टीएमसी विधायक मिहिर गोस्वामी इस्तीफा देने के बाद बीजेपी में शामिल हो गए हैं। शुक्रवार शाम भाजपा मुख्यालय पर राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। ममता बनर्जी कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले शुभेंदु अधिकारी के भी शनिवार को बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही है।

बता दें कि पश्चिम बंगाल की कूचबिहार सीट से टीएमसी के विधायक मिहिर गोस्वामी काफी समय से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। आखिरकार उन्होंने इस्तीफा देते हुए शुक्रवार को नई दिल्ली का रुख कर लिया। दिल्ली पहुंचने के बाद उनके भाजपा में जुड़ने की औपचारिकता पूरी हुई। पश्चिम बंगाल के प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने प्रेस कांफ्रेंस कर उनके भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। बीजेपी सांसद निशित प्रमाणिक के साथ मिहिर गोस्वामी के नई दिल्ली के लिये रवाना होने के बाद से ही उनके भाजपा में जुड़ने की अटकलें लगने लगी थीं, जो शाम होते-होते सच साबित हो गईं।

गोस्वामी ने गुरुवार को कहा था कि पार्टी में उनके लिए बने रहना अब कठिन होगा, क्योंकि वह और अपमान नहीं चाहते हैं। कूचबिहार दक्षिण से तृणमूल कांग्रेस के विधायक गोस्वामी ने अक्टूबर में बीजेपी सांसद प्रमाणिक से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके अगले कदम को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। गोस्वामी ने कई मौकों पर कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़ाव के कारण अपमान झेलने के बावजूद वह पार्टी में बने रहे।

वहीं शुभेंदु अधिकारी टीएमसी के बड़े नेताओं में से एक हैं। नंदीग्राम आंदोलन का प्रमुख चेहरा शुभेंदु अधिकारी पार्टी से 2 बार सांसद रह चुके हैं। उन्होंने अपने कौशल से मिदनापुर इलाके को टीएमसी का गढ़ बनाया। मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुरा और बीरभूम जैसे जिलों में टीएमसी के प्रभाव के पीछे उनका ही हाथ माना जाता है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments