
कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2021 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए है। इसी के मद्देनजर वे दोनों दिनों के बंगाल दौरे पर है। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। अमित शाह ने दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ अपने दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत की। दक्षिणेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद अमित शाह ने कहा कि यह ठाकुर रामकृष्ण और विवेकानंद की जमीन है, लेकिन दुर्भाग्य से इस जमीन को तुष्टिकरण की राजनीति से कलंकित किया जा रहा है। मैंने मोदी जी के नेतृत्व में बंगाल की भलाई के लिए मां काली से प्रार्थना की।
अमित शाह अब पद्मभूषण गायक अजॉय चक्रवर्ती से मुलाकात करेंगे। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह संगठन की एक बैठक में हिस्सा लेंगे। अमित शाह दोपहर का भोजन न्यूटन इलाके में नबीन विस्वास के घर पर करेंगे। नबीन विस्वास मटुआ समुदाय से आते हैं। कोलकाता के न्यूटन इलाके में अमित शाह मटुआ समुदाय के मंदिर में दर्शन करने भी जाएंगे। इसके बाद अमित शाह एक प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। प्रेस कांफ्रेंस के बाद सामाजिक संगठनों के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले गुरुवार को अमित शाह ने बांकुरा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया था। इसके बाद उन्होंने पुआबागान जाकर स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। फिर उन्होंने स्थानीय आदिवासी परिवार के घर जाकर पत्ते पर भोजन भी किया।
Leave Comments