
नई दिल्ली। देश की चीनी मिलों में चालू सीजन में गन्ने की पेराई तेज हो गई है और सीजन के आरंभिक डेढ़ महीने में चीनी का उत्पादन 14 लाख टन से ज्यादा हो गया है जोकि पिछले सीजन की समान अवधि के मुकाबले तीन गुना ज्यादा है। चीनी उद्योग संगठन इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, चालू शुगर सीजन 2020-21 (अक्टूबर-सितंबर) देशभर में 15 नवंबर तक 274 चीनी मिलों में चीनी का उत्पादन 14.10 लाख टन हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि के दौरान 127 चीनी मिलों ने 4.84 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था।
उद्योग संगठन ने बताया कि उत्तर प्रदेश की 76 मिलों ने 15 नवंबर तक 3.85 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में प्रदेश की 78 मिलों में 2.93 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। वहीं, महाराष्ट्र की 117 मिलों ने 5.65 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। कर्नाटक की 49 मिलों ने 15 नवंबर तक 3.40 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है जबकि पिछले साल 34 मिलों में चीनी का उत्पादन 1.43 लाख टन हुआ था। गुजरात में 14 मिलें चालू हैं और चीनी का उत्पादन 80,000 टन हुआ है जबकि राज्य में पिछले साल इस अवधि के दौरान सिर्फ चाल मिलें चालू थीं, जिनमें चीनी का उत्पादन सिर्फ 2000 टन हुआ था।
इस्मा के अनुसार, उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में करीब 18 चीनी मिलें चालू हैं जिनमें चीनी का उत्पादन कुल मिलाकर 40,000 टन हो चुका है। उद्योग संगठन के मुताबिक, एक अक्टूबर को पिछले सीजन का बकाया स्टॉक 106.4 लाख टन था और चालू सीजन में 310 लाख टन उत्पादन का अनुमान है। इस प्रकार देश में इस साल भी खपत से ज्यादा चीनी है, इसलिए 60 से 70 लाख टन चीनी निर्यात करने की जरूरत है।
Leave Comments