• Last Update 06:14 am

भारी वर्षा से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 25 की मौतें, पीएम मोदी ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
State

भारी वर्षा से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 25 की मौतें, पीएम मोदी ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

हैदराबाद। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हुई भारी बारिश की वजह से पिछले 24 घंटे में भारी तबाही हुई है। दोनों राज्यों में कुल मिलाकर अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। बारिश का सबसे ज्यादा कहर हैदराबाद में दिखाई पड़ा है। हैदराबाद के कई हिस्सों में लगातार बारिश की वजह से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा कुर्नूल में 3 लोगों की मौत हुई है। 9 लोगों की मौत बदलागुड़ा के मोहम्मदिया हिल्स में दीवार गिरने से हुई है। भारी वर्षा की वजह से सड़कों पर भारी जलभराव हो गया है। कुछ निचले इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। तेलंगाना में 18 लोगों की और आंध्र प्रदेश में 7 लोगों की मौत हुई है।  राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ की 100 टीमें तैनात की गई हैं। एनडीआरएफ के महानिदेशक सत्य नारायण प्रधान लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए और अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।


पीएम मोदी ने की आंध्र और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से बात
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने भारी बारिश से परेशान आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से बात की है और उन्हें हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया है। पीएम मोदी ने कहा, 'भारी वर्षा के कारण तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के चंद्रशेखर राव और वाईएस जगन मोहन रेड्डी से बात की। केंद्र से हरसंभव बचाव और राहत कार्य में मदद तथा सहयोग का आश्वासन दिया है। भारी बारिश से प्रभावित लोगों के के बारे में सोच रहा हूं।' राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी इस आपदा पर दुख जताया है।

आंध्र में हर व्यक्ति को 500 रुपए की तत्काल मदद
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और राहत शिविरों में शरण लेने वाले लोगों को हरसंभव मदद देने का निर्देश दिया और शिविर में प्रत्येक व्यक्ति को 500 रुपए तुरंत देने की घोषणा की है। चक्रवाती तूफान के कारण भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर बुधवार को अमरावती में एक समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री रेड्डी ने जिला प्रशासन को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त उपाय करने का निर्देश दिया। साथ ही बाढ़ राहत शिविरों में शरण लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति को 500 रुपए तत्काल राहत देने का ऐलान किया है। सिकंदराबाद में बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन की वजह से पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से हैदराबाद के कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। लोगों को बचाने के लिए राज्य सरकार के साथ सेना भी मुहिम में जुड़ गई है।  

हैदराबाद में एनडीआरएफ की 4 टीमें तैनात की गईं
एनडीआरएफ के अनुसार, हैदराबाद में लगातार बारिश ने शहर में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी और शहर में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेलंगाना राज्य प्रशासन के अनुरोध पर, प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 4 टीमों को शहर में तैनात किया गया है। एक घटना में, आज एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने उत्कृष्ट बाढ़ बचाव तकनीकों को लागू करते हुए एक बस से लगभग 20 फंसे हुए लोगों को बचाया जो तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरि जिले के पोचनपल्ली में बाढ़ के पानी में फंस गए थे। एनडीआरएफ की टीमों ने आज 22 लोगों को बचाया और शहरों में बाढ़ आने के बाद हैदराबाद और रंगारेड्डी जिलों से 1,165 लोगों को सुरक्षित निकाला।
राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है क्योंकि बड़ी संख्या में लोग अपने घरों के अंदर फंसे हुए हैं। वर्तमान में एनडीआरएफ की 100 टीमों को बाढ़ से निपटने के लिए विभिन्न हिस्सों में तैनात किया गया है।
 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments