
नयी दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान में शाम पांच बजे तक 52.24 प्रतिशत वोट डाले गए। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2015 में हुए विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 54.94 प्रतिशत मतदान हुआ था। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में 53.54 प्रतिशत मतदान हुआ था।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बुधवार को कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 दिशा-निर्देशों के बीच कुल 71 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। राज्य में तीन चरणों (28 अक्टूबर, तीन नवंबर, सात नवंबर) में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चला। चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध कराये गये आंकड़े के अनुसार राज्य के लगभग 2.15 करोड़ मतदाताओं में से 1.12 करोड़ पुरुष, 1.01 करोड़ महिलाएं और 599 थर्ड जेंडर के रूप में वर्गीकृत हैं।
Leave Comments