
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में अघाड़ी सरकार के कार्यकाल पूरा ना कर पाने के बीजेपी के दावे पर निशाना साधा है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि विपक्ष के नेता दिन में सपने देख रहे हैं, उन्हें देखने दीजिए। गठबंधन वाली ये सरकार चलेगी ही नहीं बल्कि पांच साल का कार्यकाल भी पूरा करेगी। उन्होंने कहा, यह गलत है कि एक तरफ तो ये लोग एक देश एक चुनाव की बात करते हैं वहीं, दूसरी तरफ सरकार अस्थिर करने की कोशिश करते हैं।
ठाकरे ने कहा कि गठबंधन की तीनों पार्टियों के बीच गजब का समन्वय है। आप कैबिनेट मीटिंग के दौरान यह देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी चुनाव साथ लड़ेंगे और हमें विश्वास है कि लोग हमारे साथ हैं। बता दें कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने दावा किया था कि पार्टी महाराष्ट्र में अगले दो से तीन महीनों में सरकार बना लेगी और इसके लिए उसने तैयारियां कर ली हैं। उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री ने औरंगाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अगले महीने होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए परभणी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक को संबोधित करते हुए यह दावा किया था।
वहीं आरे मेट्रो कार शेड प्रोजेक्ट को लेकर आदित्य ने कहा कि यह फैसला जानबूझकर लिया गया था। अगर वो इसे अनुभव की कमी कहते हैं तो कहने दीजिए। यह हमारे लिए उपलब्धि है। हम आगे के पचास साल के विकास को सोचकर चल रहे हैं। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मैंने कभी ये नहीं सोचा था कि निजी टिप्पणियों को लेकर ये लोग इस हद तक जाएंगे। हम ऐसी चीजों में कभी शामिल नहीं रहे हैं, लेकिन ठीक है, जनता सब देख रही है। कंगना रनौत पर बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि कोर्ट ने जो आदेश दिए हैं हम उसका पालन करेंगे। लेकिन एक चीज साफ है कि हम महाराष्ट्र और मुंबई का अपमान नहीं सहेंगे।
Leave Comments