• Last Update 05:14 am

WB: नड्डा के काफिले पर हमले के बीच दो दिन के बंगाल दौरे पर जाएंगे अमित शाह, पार्टी के तीन कार्यक्रमों में शामिल होंगे
National

WB: नड्डा के काफिले पर हमले के बीच दो दिन के बंगाल दौरे पर जाएंगे अमित शाह, पार्टी के तीन कार्यक्रमों में शामिल होंगे

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले के बाद अब गृहमंत्री अमित शाह बंगाल के 19 तारीख को दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि अमित शाह यहां पर पार्टी के तीन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बता दें कि अगले साल 2021 में बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं।

चुनाव की तैयारियों को लेकर जेपी नड्डा का काफिला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर जा रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने बड़े-बड़े पत्थरों से काफिले पर हमला किया जिसमें पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय समेत पार्टी के अन्य नेताओं को चोट लग गई। बुलेट प्रूफ कार में सवार नड्डा को हालांकि कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

हमले की निंदा करते हुए, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा 'आज बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ऊपर हुआ हमला बहुत ही निंदनीय है, उसकी जितनी भी निंदा की जाए वो कम है। केंद्र सरकार इस हमले को पूरी गंभीरता से ले रही है। बंगाल सरकार को इस प्रायोजित हिंसा के लिए प्रदेश की शांतिप्रिय जनता को जवाब देना होगा।'

शाह ने लिखा, 'तृणमूल शासन में बंगाल अत्याचार, अराजकता और अंधकार के युग में जा चुका है। टीएमसी के राज में पश्चिम बंगाल के अंदर जिस तरह से राजनीतिक हिंसा को संस्थागत कर चरम सीमा पर पहुंचाया गया है, वो लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए दु:खद भी है और चिंताजनक भी।'

वहीं जेपी नड्डा ने कहा, राज्य के लोगों ने अब ममता दीदी को नमस्ते कहने का फैसला कर लिया है। डायमंड हार्बर में लोग जिस तरह से एकत्र हुए और हमारा समर्थन किया, वह बताता है कि लोगों ने ममता सरकार के खिलाफ मतदान करने का फैसला कर लिया है। जेपी नड्डा ने कहा कि हम एक राजनीतिक पार्टी हैं। हम इंदिरा गांधी से लड़ चुके हैं। वह तो ममता बनर्जी हैं। जनता उन लोगों से सत्ता छीन लेती है जो सत्ता में लोगों को भूल जाते हैं। 

नड्डा ने कहा कि ममता को प्रशासन के बारे में जानकारी ही नहीं है। हमलावरों को रोकना पुलिस का काम है। बंगाल में कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब है। नड्डा ने कहा कि ममता प्रशासन से अब कोई उम्मीद नहीं रह गई है। ममता सरकार में प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है। बंगाल को गलत लोगों ने हाथों में ले लिया है। उन्होंने कहा कि ममता सरकार में अराजकता हावी हो गई है। 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments