
नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2020-21 में अबतक 52 लाख से अधिक नये अंशधारक अटल पेंशन योजना (एपीवाई) से जुड़े हैं। इससे दिसंबर के अंत तक सरकार की इस सामाजिक सुरक्षा योजना से जुड़े लोगों की संख्या बढ़कर 2.75 करोड़ पहुंच गयी। एपीवाई सरकार की गारंटीशुदा पेंशन याजना है। इसके तहत अंशधारकों को 60 साल की आयु से तीन लाभ की पेशकश की जाती है। इस योजना के तहत अंशधारकों को पेंशन की गारंटी होती है, अंशधारक के निधन के बाद पत्नी या पति को समान पेंशन की गारंटी होती है। साथ ही नामित व्यक्ति को संचित राशि लौटाने का प्रावधान है।
भारतीय पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि महामारी के कारण अभूतपूर्व चुनौतियों के बावूजद वित्त वर्ष 2020-21 में अबतक 52 लाख नये अंशधारकों को जोड़ना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह बैंकों के अथक प्रयासों का परिणाम है।’’ भारतीय स्टेट बैंक ने अकेले 15 लाख से अधिक नये एपीवाई अंशधारकों को जोड़ा है।
अटल पेंशन योजना का संचालन पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा किया जाता है। इस योजना के तहत आप हर माह 1,000 रुपये से 5,000 रुपये तक का पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना का प्रीमियम इस बात पर निर्भर करता है कि आपको रिटायरमेंट के समय कितने रुपये की पेंशन चाहिए और योजना से जुड़ने के समय आपकी उम्र क्या है। इस योजना के सब्सक्राइबर मासिक, तिमाही या छह माह में अपना प्रीमियम जमा कर सकते हैं।
Leave Comments