
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में में विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका लगा है। मंगलवार को ममता सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। लक्ष्मी रतन शुक्ला बंगाल सरकार में खेल मंत्री थे। मंत्री पद के अलावा उन्होंने हावड़ा के टीएमसी जिला अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है।
लक्ष्मी रतन शुक्ला भारत के लिए तीन वनडे खेल चुके हैं। इसके अलावा आईपीएल में भी वो कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खेल चुके हैं। लक्ष्मी रतन शुक्ला ने पिछले विधानसभा चुनाव में राजनीति का रुख किया था। वे बंगाल के हावड़ा उत्तर से विधायक बने। जिसके बाद ममता सरकार में उन्हें खेल और युवा मामलों के मंत्री का पद मिला।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले टीएमसी के कई नेता पार्टी छेड़ चुके हैं। पहले शुभेंदु अधिकारी ने मंत्री पद से इस्तीफा देकर पार्टी छोड़ी और बीजेपी में आ गए। उनके अलावा उनके कई समर्थक, टीएमसी विधायक भी पार्टी का साथ छोड़ बीजेपी के साथ जुड़ गए हैं। ऐसे में एक और इस्तीफे ने ममता बनर्जी की चिंताएं बढ़ा दी है।
Leave Comments