
पटना। बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला आज होने जा रहा है। 243 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। कुछ ही देर में साफ हो जाएगा कि सुशासन बाबू के नाम से मशहूर नीतीश कुमार क्या अपनी सत्ता बचा पाएंगे या बिहार में युवा नेता के तौर पर उभरे तेजस्वी यादव इतिहास रचेंगे। बिहार चुनावों के रुझानों में घंटेभर में दो सरकारें बनती दिखीं। सुबह 9 बजे महागठबंधन को 120 सीटें मिल चुकी थीं और NDA 90+ सीटों पर था। 10 बजते-बजते तस्वीर बदल गई। NDA बढ़कर 119 पर पहुंच गया और महागठबंधन घटकर 114 पर आ गया। तेजस्वी-तेजप्रताप और जीतनराम मांझी बढ़त बनाए हुए हैं।
सभी मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कोरोना संक्रमण काल के प्रोटोकाल का पालन करते हुए राज्य के 38 जिला मुख्यालय में मतगणना के लिए 55 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, पूर्वी चंपारण, सीवान, बेगूसराय और गया में तीन-तीन नालंदा, बांका, पूर्णिया, भागलपुर, दरभंगा, गोपालगंज, सहरसा में दो-दो मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। 55 मतगणना केंद्रों में 414 हॉल बनाए गए हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्हीं लोगों को मतदान केंद्रों पर जाने दिया गया है, जिनके पास आवश्यक पास है।
पटना के सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना पटना के ए एन कॉलेज में चल रही है। पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने कहा कि मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मतदान के बाद आए एक्जिेट पोल में राजद नेतृत्व महागठबंधन और भाजपा नेतृत्व राजग में कड़ी टक्कर के संकेत दिए गए हैं। बिहार में तीन चरणों 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को मतदान हुआ था। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 122 सीटें आवश्यक है।
Leave Comments