
पटना। बिहार में होने वाले आगामी राज्यसभा उपचुनाव-2020 के लिए बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने सुशील कुमार मोदी को उम्मीदवार बनाया है। रामविलास पासवान के निधन के बाद ये सीट खाली हुई है। सुशील मोदी अब राज्यसभा के रास्ते केंद्र में जा सकते हैं, जहां उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव-2020 में एनडीए सरकार बनने के बाद सुशील मोदी की डिप्टी सीएम के पद से छुट्टी हो गई थी। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि बीजेपी उन्हें केंद्र में ला सकती है।
सुशील मोदी के राजनीतिक करियर की बात करें तो वह सक्रिय राजनीति में 1990 में आए और पटना सेंट्रल विधानसभा सीट से चुने गए। 1995 और 2000 में भी उन्होंने विधानसभा चुनाव जीती। 1996 से 2004 के बीच वे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। 2004 में सुशील मोदी ने लोकसभा का चुनाव लड़ा और भागलपुर से विजयी रहे। 2005 में बिहार चुनावों में एनडीए को बहुमत मिला। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने तो सुशील मोदी को उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली। वित्त मंत्रालय और कई अन्य विभागों की जिम्मेदारी भी सुशील मोदी ने संभाली।
2010 में एनडीए की फिर जीत हुई और नीतीश सरकार में सुशील मोदी फिर उपमुख्यमंत्री बने। वित्त मंत्री के रूप में जुलाई 2011 में सुशील मोदी को GST पर बनी राज्यों के वित्त मंत्रियों की समिति का चेयरमैन बनाया गया था। वहीं, 2020 के चुनाव में भी सुशील मोदी बीजेपी का सबसे बड़े चेहरा रहे। जेडीयू ने इस बार के चुनाव में 43 सीटों पर जीती है जबकि बीजेपी को 74 सीटें मिली हैं।
Leave Comments