
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा स्पीकर के चुनाव में हंगामे के बीच एनडीए के उम्मीदवार विजय सिन्हा नए विधानसभा अध्यक्ष चुने गए। महागठबंधन की ओर से राजद के अवध बिहारी चौधरी मैदान में थे। चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार को 126 और महागठबंधन को 114 वोट मिले हैं। चुनाव के बाद सदन की कार्यवाही गुरुवार 11:00 बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।
चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने स्पीकर को उनकी कुर्सी तक पहुंचाया और बधाई दी। बिहार में ऐसा पांच दशक के बाद हुआ है, जब स्पीकर पद के लिए चुनाव हुआ हो। नए स्पीकर को जीत की बधाई देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वो सदन में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और विपक्ष का संरक्षण भी करेंगे।
चुनाव के दौरान सदन में हंगामा देखने को मिला। महागठबंधन के विधायकों की ओर से प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए गए और गुप्त मतदान की अपील की गई। हालांकि, उनकी अपील को ठुकरा दिया गया। तेजस्वी यादव ने सदन में आरोप लगाया कि आज पूरा देश देख रहा है कि खुलेआम चोरी हो रही है, अगर ऐसे सदन चलेगा तो हमें बाहर ही कर दीजिए।
तेजस्वी की मांग थी कि जो विधानसभा के सदस्य नहीं हैं, उन्हें मतदान के वक्त मौजूद नहीं रहना चाहिए। यानी वो नीतीश को सदन से बाहर चाहते थे। बता दें कि सदन में चुनाव से ठीक पहले ही पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने आरोप लगाया था कि लालू यादव ने बीजेपी विधायक को फोन कर उनका साथ देने को कहा गया। वहीं सदन में मतदान के दौरान एनडीए के विधायकों ने जय श्री राम के नारे लगाए।
Leave Comments