
पटना। नीतीश कुमार ने सोमवार को सातवी बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ भाजपा कोटे से सात, जेडीयू से पांच, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और विकासशील इंसान पार्टी के कोटे से एक-एक मंत्री ने शपथ ग्रहण की। राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश कुमार समेत सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के साथ-साथ राज्यपाल फागू चौहान ने तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। आपको बता दें कि बीजेपी नेता तारकिशोर प्रसाद कटिहार से विधायक चुने गए हैं जबकि रेणु देवी बेतिया विधानसभा सीट से चुनाव जीती हैं।
शपथ ग्रहण के ठीक बाद पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को बधाई देने के साथ-साथ बिहार के विकास के लिए केंद्र की तरफ से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। नीतीश कुमार को और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने लिखा, "बिहार के सीएम के रूप में शपथ लेने पर नीतीश कुमार जी को बधाई। मैं उन सभी को भी बधाई देता हूं जिन्होंने बिहार सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। एनडीए परिवार बिहार की प्रगति के लिए मिलकर काम करेगा। मैं बिहार के कल्याण के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन देता हूं।"
राजभवन परिसर के राजेंद्र मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा और गृह मंत्री अंमित शाह भी शामिल थे। इस समारोह में राजद के नेता और पूर्व उपमुख्यंमत्री तेजस्वी यादव शामिल नहीं हुए। बिहार चुनाव में सबसे अधिक सीटों पर विजय हासिल करने वाली पार्टी राजद ने इस समारोह का बहिष्कार किया था। बिहार विधानसभा चुनाव में राजग को बिहार की 243 सीटों में से 125 सीटें मिली थीं, जिसमें भाजपा को 74, जद (यू) को 43, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) व विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को चार-चार सीटें मिली हैं।
नीतीश कुमार ने बिहार की सातवीं बार कमान संभाली है। नीतीश इसके पूर्व तीन मार्च 2000 से 10 मार्च 2000 तक, 24 नवंबर 2005 से 24 नवंबर 2010 तक, 26 नवंबर 2010 से 17 मई 2014 तक, 22 फरवरी 2015 से 19 नवंबर 2015 तक, 20 नवंबर 2015 से 26 जुलाई 2017 तक तथा 27 जुलाई 2017 से अब तक बिहार की कमान संभाल चुके हैं।
इन जेडीयू नेताओं ने ली शपथ
विजय चौधरी
विजेंद्र यादव
अशोक चौधरी
मेवालाल चौधरी
शीला मंडल
नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल ये बीजेपी नेता
तारकिशोर प्रसाद- डिप्टी सीएम
रेणु देवी- डिप्टी सीएम
मंगल पांडे
रामप्रीत पासवान
जीवेश कुमार मिश्र
अमरेंद्र प्रताप सिंह
राम सूरत राय
नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल 'हम' नेता
संतोष मांझी
नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल 'VIP' नेता
मुकेश सहनी
Leave Comments