
पटना। बिहार के हाजीपुर में गुलनाज को जिंदा जलाने के मामले में मुख्य आरोपी चंदन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपियों सतीश कुमार राय और विनोद राय की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। पीड़िता के परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था जिसके बाद लापरवाही बरतने के आरोप में एक एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है।
क्या है मामला?
ये मामला 30 अक्टूबर का है जब देसरी थाने के रसूलपुर हबीब की गुलनाज खातून अपने घर के बाहर कचरा फेंकने गई थी। इस दौरान गांव के कुछ दबंगो ने उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर 20 साल की युवती पर केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। 15 दिन बाद बीते रविवार को युवती की अस्पताल में मौत हो गई।
गुलनाज खातून का शव जैसे ही उसके गांव पहुंचा, उसके बाद लोग प्रदर्शन करने लगे। काफी मान-मनौव्वल के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार किया। इस पूरे मामले में परिजन पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में लापरवाही को लेकर सफाई दी और कहा कि मामले की जांच स्पेशल टीम कर रही है। मृतका गुलनाज के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी उन्हें धमका रहे हैं। इन आरोपों के बाद स्थानीय चांदपुरा थाने के एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है।
वैशाली के एसपी मनीष ने बताया कि घटना 30 तारीख की है। 2 नवंबर को एफआईआर दर्ज कर ली गई। इस मामले में तीन लोग नामजद हैं, जिसमें से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लड़की की PMCH में इलाज के दौरान मौत हो गई है। स्पेशल टीम बनाई गई है। साथ ही तकनीकी अनुसंधान भी जारी है।
Leave Comments