
भागलपुर। बिहार में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। भागलपुर के गोपालपुर थाना क्षेत्र में 100 से ज्यादा यात्रियों से भरी नाव गंगा में पलट गई। इस हादसे में 1 महिला की मौत की खबर है। वहीं, कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचा। फिलहाल गंगा में राहत बचाव का कार्य चलाया जा रहा है।
गोपालपुर के थाना प्रभारी मणि पासवान ने आईएएनएस को बताया कि नवगछिया के गोपालापुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी गांव से मजदूर और किसान गंगा पार दियारा स्थित अपने खेतों में काम के लिए एक नाव पर सवार होकर निकले थे, तभी तीनटंगा घाट से कुछ दूरी पर आगे नाव तेज धारा में डूब गई। उन्होंने बताया कि इस नाव में करीब 100 से ज्यादा लोग सवार थे। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद अधिकांश लोग तैरकर बाहर सुरक्षित निकल आए, लेकिन अभी भी 7 से 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक महिला का शव बरामद किया गया है तथा अन्य लापता लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। जिले के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
Leave Comments