
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने राज्यसभा चुनाव में बगावत करने वाले सात विधायकों को निलंबित कर दिया है। पार्टी प्रेसिडेंट मायावती ने गुरुवार को विधायकों के निलंबन का ऐलान किया। सस्पेंड किए गए विधायकों में असलम राइनी (भिनगा-श्रावस्ती), असलम अली (ढोलाना-हापुड़), मुजतबा सिद्दीकी (प्रतापपुर-इलाहाबाद), हाकिम लाल बिंद (हांडिया- प्रयागराज), हरगोविंद भार्गव (सिधौली-सीतापुर), सुषमा पटेल ( मुंगरा बादशाहपुर) और वंदना सिंह (सगड़ी-आजमगढ़) है।
मायावती ने कहा कि एमएलसी के चुनाव में सपा के दूसरे उम्मीदवार को हराने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। इसके लिए अगर हमें बीजेपी को वोट देना पड़ेगा तो हम देंगे। उन्होंने कहा, 1995 के केस को वापस लेना हमारी बड़ी गलती थी। मायावती ने कहा कि मेरी पार्टी ने फैसला किया था कि अगर अखिलेश यादव राज्यसभा चुनाव में अपनी पत्नी डिंपल यादव को मौका दे रहे हैं, तो बसपा उनका समर्थन करने के लिए तैयार है। सतीश चंद्र मिश्रा ने सपा नेता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने अपना फोन नहीं उठाया और राज्य के सभी ब्राह्मण समुदाय के लोगों का अपमान है। बीएसपी अध्यक्ष ने कहा कि सभी जानते हैं कि सपा शासन के दौरान माफिया, गुंडे राज्यों पर कैसे राज करते हैं। वे फिर से लोगों को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में राज्यसभा के लिए 10 सीटों पर चुनाव होना है। इसमें बीएसपी ने एक सीट पर रामजी गौतम को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया। उन्होंने जब 26 अक्टूबर को नामांकन किया था, तब उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा व कई अन्य नेता मौजूद थे। बुधवार को जब रामजी गौतम के 10 प्रस्तावकों में से 5 प्रस्तावकों ने अपना प्रस्ताव वापस लेने के लिए विधानसभा आए तो हलचल मच गई। इसके बाद इन विधायकों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। बाद में दो और विधायक बगावत में शामिल हो गए।
हालांकि बसपा के रामजी गौतम राज्यसभा प्रत्याशी बने रहेंगे। उनके नामांकन में कोई खामी नहीं पाई गई है। वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के समर्थन से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी प्रकाश बजाज का पर्चा खारिज हो गया है। प्रकाश बजाज का पर्चा खारिज होने के बाद राज्यसभा के लिए 10 सीटों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है। इनमें 8 बीजेपी, एक सपा और एक बसपा से हैं। प्रकाश बजाज अपना पर्चा खारिज होने को हाई कोर्ट में अपील दायर करेंगे।
Leave Comments