
नई दिल्ली। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली को बीसीसीआई ने पैटरनिटी लीव दी है। टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेलने के बाद ही वापस लौट आएंगे। विराट कोहोली को छुट्टी मिलने के बाद भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का नाम भी चर्चा में आया। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि 1975-76 में वेस्टइंडीज सीरीज से पहले पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर को बीसीसीआई ने पितृत्व अवकाश देने से इनकार कर दिया था। सुनील गावस्कर ने इस मामले को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
सुनील गावस्कर ने स्पष्ट किया कि वर्ष 1975-76 में जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के दौरे पर थी, तो उन्होंने वापस भारत लौटने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से पैटरनिटी लीव नहीं मांगी थी। गावस्कर ने मिड डे अखबार के कॉलम में लिखा, मैंने छुट्टी मांगी थी, इस बात में सच्चाई है, लेकिन इसका कारण सही नहीं है। मैंने अपनी पत्नी के पास लौटने की अनुमति नहीं मांगी थी। जब मैं न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के दौरे के लिए भारतीय टीम के साथ रवाना हुआ था, तब मैं यह जानता था कि मेरे दौरे पर रहते हुए ही बच्चे का जन्म होगा। इसके बावजूद मैं भारत के लिए खेलने के लिए प्रतिबद्ध था और मेरी पत्नी ने मेरे इस फैसले का समर्थन किया था।
गावस्कर ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में वह चोटिल हो गए थे और उन्हें चार सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने पैटरनिटी लीव की मांग की थी। उन्होंने लिखा, डॉक्टर ने मुझे चार हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी थी। अगला टेस्ट मैच तीन सप्ताह बाद वेस्टइंडीज में होना था और मैं तब खेलने के लिए फिट नहीं था। पूर्व कप्तान ने कहा, मैंने अपने मैनेजर पॉली उमरीगर से भारत लौटने की इजाजत मांगी थी, वह भी इस शर्त पर कि वेस्टइंडीज दौरे से पहले टेस्ट मैच टीम के साथ जुड़ जाऊंगा। इसके अलावा मैं अपने खर्चे पर भारत जाऊंगा। इसलिए टेस्ट मैच में खेलने का कोई सवाल ही नहीं था। यहां तक कि डाक्टरों की सलाह के बावजूद मैंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट खेला था।
Leave Comments