• Last Update 07:37 am

WB: जेपी नड्डा के काफिले पर हमले को लेकर गृह मंत्रालय ने रिपोर्ट मांगी, बोले- तृणमूल शासन में बंगाल अराजकता के युग में
National

WB: जेपी नड्डा के काफिले पर हमले को लेकर गृह मंत्रालय ने रिपोर्ट मांगी, बोले- तृणमूल शासन में बंगाल अराजकता के युग में

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के काफिले पर हमले को लेकर गृह मंत्रालय ने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव को एक लिखित संदेश में, इस मुद्दे के बारे में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। बता दें कि जेपी नड्डा के पश्चिम बंगाल के दौरे का आज दूसरा दिन था। जब वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर जा रहे थे तो उनके काफिले पर हमला किया गया। बीजेपी ने इस हमले का आरोप टीएमसी पर लगाया है।

हमले की निंदा करते हुए, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा 'आज बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ऊपर हुआ हमला बहुत ही निंदनीय है, उसकी जितनी भी निंदा की जाए वो कम है। केंद्र सरकार इस हमले को पूरी गंभीरता से ले रही है। बंगाल सरकार को इस प्रायोजित हिंसा के लिए प्रदेश की शांतिप्रिय जनता को जवाब देना होगा।' शाह ने लिखा, 'तृणमूल शासन में बंगाल अत्याचार, अराजकता और अंधकार के युग में जा चुका है। टीएमसी के राज में पश्चिम बंगाल के अंदर जिस तरह से राजनीतिक हिंसा को संस्थागत कर चरम सीमा पर पहुंचाया गया है, वो लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए दु:खद भी है और चिंताजनक भी।'

वहीं जेपी नड्डा ने कहा, राज्य के लोगों ने अब ममता दीदी को नमस्ते कहने का फैसला कर लिया है। डायमंड हार्बर में लोग जिस तरह से एकत्र हुए और हमारा समर्थन किया, वह बताता है कि लोगों ने ममता सरकार के खिलाफ मतदान करने का फैसला कर लिया है। जेपी नड्डा ने कहा कि हम एक राजनीतिक पार्टी हैं। हम इंदिरा गांधी से लड़ चुके हैं। वह तो ममता बनर्जी हैं। जनता उन लोगों से सत्ता छीन लेती है जो सत्ता में लोगों को भूल जाते हैं। 

नड्डा ने कहा कि ममता को प्रशासन के बारे में जानकारी ही नहीं है। हमलावरों को रोकना पुलिस का काम है। बंगाल में कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब है। नड्डा ने कहा कि ममता प्रशासन से अब कोई उम्मीद नहीं रह गई है। ममता सरकार में प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है। बंगाल को गलत लोगों ने हाथों में ले लिया है। उन्होंने कहा कि ममता सरकार में अराजकता हावी हो गई है। 

बता दें कि नड्डा के काफिले पर  पत्थर और ईंटों से हमला किया गया था। हमले में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रमुख दिलीप घोष सहित काफिले की कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। विजयवर्गीय और मुकुल रॉय सहित लगभग दस भाजपा नेताओं को मामूली चोटें आई हैं। बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने घटना पर चिंता व्यक्त की और अफसोस जताया कि इस तरह की घटनाएं मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक की सूचना के बावजूद हुईं।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments