
सिडनी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी टेस्ट के तीसरे दिन का खेल जारी है। टीम इंडिया 244 रन पर ऑलआउट हो गई। पैट कमिंस ने मोहम्मद सिराज को आउट कर भारत की पहली पारी को समेट दिया। वे 6 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर 94 रन की बढ़त भी हासिल कर ली है। अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर जारी तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को भारत की पहली पारी 244 रनों पर समेट दी।
भारतीय टीम ने शनिवार को 2 विकेट पर 96 रन से आगे खेलने शुरू किया था। भारतीय टीम ने कुल 100.4 ओवरों का सामना किया। चेतेश्वर पुजारा ने 50 रन बनाए जबकि ऋषभ पंत ने 36 रनों की पारी खेली। रवींद्र जडेजा 28 रनों पर नाबाद लौटे। भारत ने दिन के पहले सत्र में कप्तान अजिंक्य रहाणे (22) और हनुमा विहारी (4) के विकेट गंवाए थे।
दूसरे सत्र में भारत ने पंत और पुजारा के साथ-साथ बाकी सभी विकेट गंवा दिए। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 338 रनों पर समेट दी थी लेकिन अब वह पहली पारी की तुलना में 94 रन पीछे रह गई है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस ने चार विकेट लिए जबकि जोस हेजलवुड को दो विकेट मिले। मिशेल स्टार्क ने भी एक सफलता हासिल की। भारत के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। यह कुल सातवां मौका है जब किसी एक पारी में भारत के सात बल्लेबाज रन आउट हुए हैं।
टीम इलेवन
भारत: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, नवदीप सैनी, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, विल पुकोव्स्की, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू वेड, कैमरून ग्रीन, टिम पेन (विकेटकीपर और कप्तान), पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और जोश हेजलवुड।
4 टेस्ट की सीरीज 1-1 से बराबरी पर
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 4 टेस्ट मैचों की सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर है। सिडनी मैच के बाद दोनों टीम के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट ब्रिस्बेन में 15 जनवरी को खेला जाएगा। एडिलेड में खेल गए पहले डे-नाइट टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद मेलबर्न में बॉक्सिंग-डे टेस्ट भारत ने 8 विकेट से अपने नाम किया था।
Leave Comments